(फोटो के साथ)
नयी दिल्ली, 24 अक्टूबर (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राष्ट्रीय राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
अधिकारियों ने बताया कि बैठक में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी शामिल हुईं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार ऐसा माना जा रहा है कि शाह की वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई, विदेश से गिरोह चलाने वाले अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई और महिलाओं के विरुद्ध अपराध जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
मंत्री के कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज दिल्ली पुलिस मुख्यालय में सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।’’
सूत्रों ने बताया कि शाह दोपहर करीब तीन बजे जय सिंह रोड स्थित पुलिस मुख्यालय पहुंचे, जहां अधिकारियों ने उन्हें पुलिस बल के कामकाज, जारी जांच और कानून-व्यवस्था लागू करने से जुड़ी प्रमुख चुनौतियों के बारे में जानकारी दी।
यह दौरा ऐसे समय हुआ है, जब जुलाई में कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों के खिलाफ अत्यधिक बल प्रयोग करने के आरोपों को लेकर दिल्ली पुलिस को आलोचना का सामना करना पड़ा है।
शाह ने इससे पहले 30 अगस्त, 2022 को पुलिस मुख्यालय का दौरा किया था।
भाषा देवेंद्र शोभना
शोभना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.