scorecardresearch
Saturday, 11 April, 2026
होमदेशउज्जैन: यादव ने भागीरथ की मौत पर शोक जताया, आर्थिक सहायता की घोषणा की‌

उज्जैन: यादव ने भागीरथ की मौत पर शोक जताया, आर्थिक सहायता की घोषणा की‌

Text Size:

भोपाल, 10 अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उज्जैन जिले में बडनगर तहसील स्थित एक गांव में बोरवेल में गिरे ढाई वर्षीय बालक भागीरथ की मौत पर शोक जताया और शोकाकुल परिवार के लिए चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की‌।

ज्ञात हो कि तकरीबन 23 घंटे की मशक्कत के बाद भागीरथ को बोरवेल से निकाल लिया गया लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।

यादव ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘उज्जैन के बड़नगर के झलारिया गांव में बोरवेल में गिरे भागीरथ के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम द्वारा बचाव अभियान शुरू किया गया था, लेकिन दुर्भाग्यवश बालक को नहीं बचाया जा सका।’’

उन्होंने कहा,‘‘मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं। सरकार की ओर से परिजनों को चार लाख की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की जा रही है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिजनों को यह असीम दु:ख सहने की शक्ति दें।’’

भागीरथ को बचाने के लिए पूरी रात बचाव अभियान चलाया गया और इस दौरान चट्टान के कारण खुदाई में काफी परेशानियां आई। बोरवेल से निकाले जाने के तत्काल बाद भागीरथ को एम्बुलेंस में रखकर अस्पताल ले जाया गया।

हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने भागीरथ को मृत घोषित कर दिया।

जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुयश श्रीवास्तव ने बताया कि जांच के दौरान बच्चा मृत पाया गया।

यह हादसा उज्जैन से करीब 75 किलोमीटर दूर बडनगर तहसील के झलारिया गांव में बृहस्पतिवार शाम लगभग सात से साढ़े सात बजे के बीच हुआ।

भाषा ब्रजेन्द्र

राजकुमार

राजकुमार

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments