scorecardresearch
Thursday, 24 September, 2026
होमदेशझारखंड के गुमला में दो सड़क हादसों में बीएसएफ जवान समेत दो लोगों की मौत, छह घायल

झारखंड के गुमला में दो सड़क हादसों में बीएसएफ जवान समेत दो लोगों की मौत, छह घायल

Text Size:

गुमला, 23 सितंबर (भाषा) झारखंड के गुमला जिले में बुधवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक जवान समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार सेमरा वन क्षेत्र में मरदा नदी के पास एक कार की टक्कर से स्कूटर सवार बीएसएफ जवान भादो केरकेट्टा (50) की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी उर्मिला केरकेट्टा गंभीर रूप से घायल हो गईं।

पालकोट थाना प्रभारी अंकित राज ने बताया कि कार में सवार तीन लोग भी इस हादसे में घायल हुए हैं। इनमें बसिया थाना टोली निवासी लक्ष्मण उरांव (32), उनकी पत्नी रेणु उरांव और उनकी एक वर्षीय बेटी शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को गुमला सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने भादो केरकेट्टा को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज चल रहा है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि भादो केरकेट्टा करीब दो सप्ताह की छुट्टी पर घर आए थे और घटना के समय गुमला से पालकोट स्थित अपने गांव जा रहे थे।

अंकित राज ने बताया कि दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

वहीं, एक अन्य घटना में गुमला थाना क्षेत्र के रांची-गुमला मुख्य मार्ग पर उर्सुलाइन कॉन्वेंट के पास एक एसयूवी और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार महेश महतो की मौके पर ही मौत हो गई।

गुमला नगर थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि मृतक सिसई का रहने वाला था।

उन्होंने बताया कि हादसे के बाद एसयूवी चालक मौके से फरार हो गया और मदरसा इस्लामिया के पास एक अन्य मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिसमें दो लोग घायल हो गए।

थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया गया है, जबकि दोनों घायलों को उसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

भाषा रवि कांत रवि कांत वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments