बेंगलुरु, नौ फरवरी (भाषा) केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने अलग-अलग घटनाओं में दो यात्रियों को दो करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के हाइड्रोपोनिक गांजा की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
सात फरवरी को बेंगलुरु सीमा शुल्क ने बैंकॉक से आए एक यात्री को रोका और उसके पास से 63 लाख रुपये मूल्य का 1.8 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया।
सीमा शुल्क अधिकारियों ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया कि प्रतिबंधित सामान को एक सूटकेस में छिपाया गया था।
एक अन्य घटना में छह फरवरी को हांगकांग से आ रहे एक यात्री को रोका गया और उसके बैग से 1.76 करोड़ रुपये मूल्य का 5.05 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों को स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया है और मामले की जांच जारी है।
भाषा गोला खारी
खारी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
