सूरत, 20 जनवरी (भाषा) जिले के ताड़केश्वर गांव में नवनिर्मित 15 मीटर ऊंचा पानी का टैंक परीक्षण के दौरान ढह गया जिसके बाद दो अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। एक स्थानीय विधायक ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
मांडवी के विधायक कुवरजी हलपति ने कहा कि अगर टैंक का निर्माण करने वाली कंपनी दोषी पाई जाती है तो उसे काली सूची में डाल दिया जाएगा।
जल आपूर्ति विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि 21 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नौ लाख लीटर क्षमता का टैंक सोमवार शाम को ढह गया।
विधायक हलपति ने पत्रकारों को बताया कि घटना के बाद उप अभियंता जय चौधरी और रजनीकांत को निलंबित कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि जिम्मेदारी तय करने के लिए जांच जारी है और इसके निष्कर्षों के आधार पर और भी अधिकारियों को निलंबित किया जाएगा।
भाषा
शुभम माधव नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
