scorecardresearch
Thursday, 2 April, 2026
होमदेशइंदौर में सीवर की सफाई के दौरान दो नगर निगम कर्मियों की जहरीली गैस से मौत

इंदौर में सीवर की सफाई के दौरान दो नगर निगम कर्मियों की जहरीली गैस से मौत

Text Size:

इंदौर (मध्यप्रदेश), दो मार्च (भाषा) देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में सोमवार को सीवरेज लाइन के एक चैम्बर की सफाई के दौरान नगर निगम के दो कर्मियों की जहरीली गैस के कारण दम घुटने से मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सुमित केरकेट्टा ने बताया कि घटना उस वक्त हुई, जब दो निगम कर्मी शहर की देवी अहिल्याबाई होलकर फल-सब्जी मंडी के सामने सीवरेज लाइन के एक चैम्बर की सफाई कर रहे थे।

उन्होंने बताया,‘‘सफाई के दौरान ‘सीवर सक्शन मशीन’ के पाइप का एक हिस्सा टूटकर चैम्बर में गिर गया। इस पाइप के हिस्से को निकालने चैम्बर में उतरा एक सफाई कर्मी जहरीली गैस के प्रभाव में आकर बेहोश हो गया। उसे बचाने चैम्बर में उतरा दूसरा निगम कर्मी भी बेहोश हो गया।’’

केरकेट्टा ने बताया कि सीवरेज चैम्बर में मौजूद जहरीली गैस के कारण दम घुटने से दोनों निगम कर्मियों की मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि दोनों सफाई कर्मियों के शवों को राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की मदद से चैम्बर से बाहर निकाला गया और पोस्टमॉर्टम के लिए एक अस्पताल भेजा गया।

पुलिस उपायुक्त श्रीकृष्ण लालचंदानी ने बताया कि मृतकों की पहचान करण यादव और अजय डोडी के रूप में हुई है।

मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी अमित रजक ने बताया कि दोनों निगम कर्मी बिना सुरक्षा उपकरणों के सीवरेज चैम्बर में उतरे थे।

रजक ने आरोप लगाया कि घटना के दो घंटे बाद भी पुलिस, नगर निगम के कर्मचारी और एम्बुलेंस मौके पर नहीं पहुंची थी और आम लोगों ने दोनों सफाई कर्मियों को चैम्बर से बाहर निकालकर बचाने की कोशिश की।

भाषा हर्ष शफीक

शफीक

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments