बेंगलुरु, 27 मार्च (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बेंगलुरु दौरे के दौरान सुरक्षा कारणों से मोटरसाइकिल सवार उन दो छात्रों को हिरासत में लिया गया, जो रविवार रात शाह के काफिले के गुजरते समय इसके मार्ग में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे।
पुलिस उपायुक्त डॉ. भीमाशंकर गुलेद ने कहा कि जब शाह का काफिला रात करीब 10 बजकर 45 मिनट पर कब्बन रोड से गुजर रहा था, तो दो छात्र सफीना प्लाजा छोर से मार्ग में प्रवेश कर गये।
उन्होंने कहा, ‘‘जब एक पुलिस कांस्टेबल ने युवकों को रोकने की कोशिश की, तो उन्होंने दोपहिया वाहन से टक्कर मारने का प्रयास किया और फरार हो गए। तैनात पुलिसकर्मियों ने उनमें से एक को पकड़ लिया। हालांकि, दूसरा मौके से फरार हो गया।’’
बाद में पुलिस ने हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ के आधार पर दूसरे को भी पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस उपायुक्त ने कहा, ‘‘हां, एक तरह से यह सुरक्षा में चूक थी लेकिन इन लोगों को वीवीआईपी के गुजरने की जानकारी नहीं थी। उन्होंने हमारे पुलिसकर्मी को घायल कर दिया। इसलिए, हम उनके खिलाफ उचित कार्रवाई कर रहे हैं।’’
भाषा शफीक नरेश
नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
