नयी दिल्ली, 10 मार्च (भाषा) उत्तरी दिल्ली के एक मेट्रो स्टेशन के पास दो नाबालिगों ने दो युवकों पर चाकू से हमला कर दिया जिससे वे घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि दोनों नाबालिगों को पकड़ लिया गया है। उसने बताया कि नाबालिग लड़कों ने अपराध में इस्तेमाल किए गए चाकू ऑनलाइन खरीदे थे।
पुलिस के अनुसार, लड़के ने बताया कि पीड़ित आकाश तोमर (18) और उसके दोस्त कुछ समय से उन्हें परेशान कर रहे थे जिससे वे उसे सबक सिखाना चाहते थे।
उत्तर पश्चिम की पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि छह मार्च को तोमर ने पुलिस से संपर्क किया और बताया कि एक दिन पहले उस पर और उसके दोस्त पर चाकू से हमला किया गया था।
पुलिस ने बताया कि पांच मार्च को शाम करीब पांच बजे तोमर और उसके कुछ दोस्त जीटीबी नगर मेट्रो स्टेशन के पास एक ठेली पर खाना खा रहे थे तभी गलती से तोमर के दूसरे लड़के से टकरा जाने के बाद उनके बीच बहस छिड़ गई।
उन्होंने बताया कि कहासुनी के दौरान तोमर के दोस्त अर्शील ने कथित तौर पर लड़के को थप्पड़ मारा और उसका बैग छीन लिया, जिसके बाद लड़कों ने तोमर और अर्शील पर चाकू से हमला किया और फिर मौके से फरार हो गए।
उन्होंने बताया कि इस हमले में तोमर पर दो. तीन बार चाकू से वार किया गया, जबकि अर्शील को चार. पांच जगह चोटें आईं।
मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई। जांच के दौरान टीम ने शिकायतकर्ता से पूछताछ की और स्थानीय जानकारी जुटाने के आधार पर एक नाबालिग को पकड़ लिया गया।
पुलिस ने बताया कि उसकी सूचना पर भलस्वा क्षेत्र के एक खुले मैदान से चाकू बरामद किया गया जिसे उसने कथित तौर पर अपने मामा के घर के पास मिट्टी में दबा दिया था।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद दूसरे नाबालिग को भी पकड़ लिया गया, हालांकि वह गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार अपना ठिकाना बदल रहा था। उसने बताया कि अपराध में इस्तेमाल किया गया एक और चाकू उसके घर से बरामद किया गया।
पूछताछ के दौरान, नाबालिगों ने कथित तौर पर बताया कि उनके मन में अर्शील के प्रति द्वेष पैदा हो गया था क्योंकि अर्शील और उसके दोस्त कुछ समय से उन्हें धमका रहे थे और परेशान कर रहे थे।
पुलिस ने बताया कि हमले में इस्तेमाल किए गए चाकू नाबालिगों में से एक ने ऑनलाइन खरीदे थे। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.