scorecardresearch
Friday, 23 October, 2026
होमदेशगुरुग्राम में बीड़ी को लेकर विवाद, दो लड़कों ने मजदूर की पीट-पीटकर हत्या की

गुरुग्राम में बीड़ी को लेकर विवाद, दो लड़कों ने मजदूर की पीट-पीटकर हत्या की

Text Size:

गुरुग्राम, 23 अक्टूबर (भाषा) हरियाणा के गुरुग्राम में बीड़ी देने से इनकार करने को लेकर हुए विवाद के बाद दो लड़कों ने कथित तौर पर एक मजदूर की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मध्य प्रदेश का रहने वाला मजदूर यहां काम के सिलसिले में रह रहा था। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को डंडे से पीटे जाने के कारण उसके सिर में चोट लगी, जिससे उसकी मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि दोनों नाबालिगों को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के एक दल को गुरुग्राम की निहाल कॉलोनी में एक व्यक्ति के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति प्यारे लाल को अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के देवराह गांव में रहने वाले उसके परिजनों को उसकी मौत की सूचना दे दी है।

प्यारे लाल की बहन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह (प्यारे लाल) गुरुग्राम के सूरत नगर में रहकर मजदूरी करता था।

पुलिस के अनुसार, उसने शिकायत में कहा कि बृहस्पतिवार को उसके रिश्तेदार ने बताया कि गुरुग्राम की निहाल कॉलोनी में दो लड़कों ने प्यारे लाल के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। उसने बताया कि शिकायत के आधार पर बजघेड़ा थाने में मामला दर्ज किया गया।

पुलिस के दल ने शुक्रवार को गुरुग्राम से दोनों नाबालिगों को पकड़ लिया।

पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपियों ने पीड़ित से बीड़ी मांगी थी। प्यारे लाल के बीड़ी देने से इनकार करने पर उनके बीच विवाद हो गया। बहस और गाली-गलौज के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर प्यारे लाल पर डंडे से हमला कर दिया।’

पुलिस ने बताया कि हमले में प्यारे लाल के सिर में चोट लगी, जिसके कारण उसकी मौत हो गई।

भाषा शुभम सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments