scorecardresearch
Monday, 1 September, 2025
होमदेशमणिपुर में अरम्बाई तेंगोल के दो सदस्य गिरफ्तार, 11 अत्याधुनिक हथियार जब्त

मणिपुर में अरम्बाई तेंगोल के दो सदस्य गिरफ्तार, 11 अत्याधुनिक हथियार जब्त

Text Size:

इंफाल, एक सितंबर (भाषा) मणिपुर पुलिस ने हथियारों की तस्करी में संलिप्तता के आरोप में मैइती समूह अरम्बाई तेंगोल (एटी) के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 11 अत्याधुनिक हथियार जब्त किए हैं।

एक आधिकारिक बयान में सोमवार को बताया गया कि एटी के सदस्यों को शनिवार को इंफाल पश्चिम जिले में पकड़ा गया।

पुलिस ने एक बयान में कहा, ‘‘उन पर हथियारों की तस्करी और हानिकारिक गतिविधियों के लिए अवैध हथियार रखने का आरोप है।’’

इसमें कहा गया है कि उनके कब्जे से सात एचके33 राइफल, दो एम4ए1 कार्बाइन, दो .45 पिस्तौल, विभिन्न प्रकार की 40 खाली मैगजीन और .45 कैलिबर के 100 कारतूस जब्त किए गए।

गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान लैशराम तोंडोम्बा सिंह (27) और तोरंगबाम अमरजीत मैइती (20) के रूप में हुई है। दोनों थौबल जिले के लामडिंग ममांग लेइकाई के निवासी हैं।

उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें नौ दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

अरम्बाई तेंगोल ने सोमवार को जारी एक बयान में दावा किया, ‘‘गिरफ्तार किए गए दोनों लोगों की हानिकारिक गतिविधियों का समूह से कोई लेना-देना नहीं था और ये गतिविधियां निजी स्तर पर की जा रही थीं।’’

कुकी समूहों ने अरम्बाई तेंगोल पर राज्य में जातीय हिंसा में व्यापक रूप से शामिल होने का आरोप लगाया है।

भाषा गोला वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments