बरेली (उप्र), 23 सितंबर (भाषा) बरेली जिले में सरकारी विभागों के अधिकारियों के नाम पर फर्जी आदेश और दस्तावेज तैयार कर उन्हें बेचने के आरोप में पुलिस ने बुधवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो फर्जी आधार कार्ड, दो कथित फर्जी सरकारी आदेशों की छायाप्रतियां, दो देशी तमंचे और दो कारतूस बरामद किये हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) अंशिका वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बरादरी थाना क्षेत्र के चकमहमूद निवासी राजवीर राठौर और किला थाना क्षेत्र के धूम इलाके के निवासी निकेत महाराज के रूप में हुई है।
वर्मा ने बताया कि पूछताछ में राजवीर राठौर ने बताया कि वह अपने साथियों पप्पू मौर्य, शिवलाल मौर्य और शशांक मौर्य के साथ मिलकर सरकारी अधिकारियों के नाम पर फर्जी आदेश और दस्तावेज तैयार करवाता था तथा उन्हें बेचता था।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि गिरोह के सदस्य फर्जी सरकारी दस्तावेज तैयार करने वाले लोगों के संपर्क में रहते थे और उन्हीं के जरिये कथित तौर पर जाली कागजात तैयार करवाते थे।
उन्होंने बताया कि पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इन फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कहां और किस उद्देश्य से किया जाता था।
अधिकारियों के मुताबिक दोनों आरोपियों के खिलाफ भमौरा थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि राजवीर राठौर के खिलाफ बरेली के विभिन्न थानों के साथ-साथ पड़ोसी संभल जिले में भी पहले से ही कई मामले दर्ज हैं।
अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच के दौरान फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले लोगों तथा इस कथित गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
भाषा सं. सलीम शफीक
शफीक
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.