दिल्ली, 27 नवंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को यहां पूसा परिसर में शुरू हुई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की दो दिवसीय बैठक में शामिल हुए।
सूत्रों ने बताया कि भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में आहूत इस बैठक में संगठन से जुड़े प्रमुख मुद्दों और पार्टी की भविष्य की योजनाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
यह भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों की पहली औपचारिक बैठक है, जिसमें प्रधानमंत्री ने भी शिरकत की है। यह बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब पार्टी उत्तर प्रदेश और पंजाब समेत कई राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारी कर रही है।
इससे पहले प्रधानमंत्री ने 22 अगस्त को यहां भाजपा मुख्यालय में राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ परिचय बैठक की थी। यह बैठक नितिन नवीन की अध्यक्षता में हुई राष्ट्रीय पदाधिकारियों की पहली औपचारिक बैठक के बाद आयोजित की गई थी।
एक सूत्र ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘दो दिवसीय बैठक में संगठन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों और पार्टी की भविष्य की कार्ययोजनाओं समेत अन्य विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा। नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों को प्रधानमंत्री मोदी का मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर भी मिलेगा।’
सूत्रों ने बताया कि इस बैठक में अलग-अलग विषयों पर कई सत्र होंगे और इसका समापन शनिवार को होगा।
बैठक में सभी नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारी शामिल होंगे, जिनमें राज्यों के प्रभारी और सह-प्रभारी तथा भाजपा के विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी भी शामिल हैं।
सत्रह अगस्त को भाजपा ने नवीन के नेतृत्व में अपनी राष्ट्रीय टीम में बड़ा बदलाव किया था। इस दौरान कई नए चेहरों और प्रमुख नेताओं को शामिल किया गया था। इनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के पूर्व पदाधिकारी राम माधव को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया था।
पार्टी ने कहा था कि उसने अपनी नयी टीम में युवाओं और अनुभवी नेताओं के बीच सही संतुलन बनाए रखा है। पार्टी ने कुछ वरिष्ठ नेताओं को भी उनके पदों पर बरकरार रखा। इनमें राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया भी शामिल हैं, जिन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद पर बरकरार रखा गया था।
पार्टी की विस्तारित टीम में कुल 65 पदाधिकारी शामिल किए गए थे, जिनमें से 51 नए चेहरे थे। इनमें 12 महिलाएं और अल्पसंख्यक समुदायों के छह नेता शामिल थे।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को पार्टी का राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया था। मई 2014 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहली सरकार में मंत्री बनने से पहले भी वह इस पद पर रह चुके थे।
भाजपा ने बीएल संतोष को राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के पद पर बरकरार रखा था।
इसके बाद के महीनों में भाजपा ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए पार्टी के प्रभारी तथा सह-प्रभारी भी नियुक्त किए थे।
भाषा
जोहेब पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.