नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में लोकसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई. इस प्रस्ताव को परिसीमन की प्रक्रिया से जोड़ा गया है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस प्रस्ताव में सभी राज्यों में लोकसभा की सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाने की बात कही गई है. इसके अलावा मौजूदा सीटों के अनुपात में 25 साल तक कोई बदलाव नहीं करने का प्रस्ताव भी शामिल है.
इस प्रस्ताव को लागू करने के लिए संविधान संशोधन विधेयकों को 30 नवंबर से 3 दिसंबर के बीच होने वाले संसद सत्र में चर्चा और पारित करने के लिए पेश किए जाने की संभावना है. इन विधेयकों पर संसद के दोनों सदनों में चर्चा हो सकती है.
गुरुवार को लोकसभा सचिवालय ने सरकार के अनुरोध पर जारी बुलेटिन में बताया कि निचले सदन (लोकसभा) की बैठक 30 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे फिर से शुरू होगी और यह सत्र 3 दिसंबर को समाप्त होगा. बुलेटिन में कहा गया, “इस बैठक के दौरान प्रश्नकाल, शून्यकाल और गैर-सरकारी सदस्यों का कामकाज नहीं होगा.”
लोकसभा की बैठक 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी.
इससे पहले दिन में सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राज्यसभा के सभापति एवं उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन को पत्र लिखकर अनुरोध किया था कि लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को फिर से बुलाई जाए.