scorecardresearch
Wednesday, 22 April, 2026
होमदेशमहिला20 समूह की दो द‍िवसीय अंतरराष्ट्रीय बैठक कल से जयपुर में

महिला20 समूह की दो द‍िवसीय अंतरराष्ट्रीय बैठक कल से जयपुर में

Text Size:

जयपुर, 12 अप्रैल (भाषा) जी20 के महिला20 (वीमेन-20) समूह की दो दिन की अंतरराष्ट्रीय बैठक कल, बृहस्‍पतिवार से जयपुर में होनी है। इस बैठक में जी20 के 18 सदस्य देशों की 120 प्रत‍िन‍िध‍ि मह‍िलाएं भाग लेंगीं और लैंगिक समानता, विश्वस्तर पर महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने आदि पर चर्चा करेंगी।

महिला20 की अध्यक्ष डॉ. संध्या पुरेचा ने बताया क‍ि यह बैठक 13 और 14 अप्रैल को जयपुर में होनी है। उन्होंने कहा, बैठक में समावेशी और टिकाऊ भविष्य को गति देने के लिए महिलाओं की अभी तक अप्रयुक्त क्षमता का लाभ उठाने पर विचार-विमर्श किया जाएगा। यह समूह की दूसरी अंतराष्‍ट्रीय बैठक है।

उन्‍होंने बताया कि महिला20 (वीमेन-20) जी20 का आधिकारिक समूह है जिसकी स्थापना 2015 में तुर्की की अध्यक्षता में लैंगिक समानता के लक्ष्य से की गई थी। उन्होंने कहा, इसका प्राथमिक उद्देश्य महिला सशक्तिकरण, महिला अधिकारों की वकालत और उनके लिए एक मंच का निर्माण करना है ताकि वे समानता के साथ अपनी राय रख सकें।

जयपुर में होने वाली बैठक की थीम है… ‘‘महिलाओं के नेतृत्व में समावेशी विकास और सतत भविष्य को गति देने के लिए महिलाओं की अप्रयुक्त क्षमता का लाभ उठना।’’

उद्घाटन सत्र को प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद की सदस्य डॉ. शमिका रवि, भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सचिव इंदीवर पांडेय, राजस्थान सरकार की मुख्य सचिव ऊषा शर्मा, जी20 के शेरपा अमिताभ कांत संबोधित करेंगे।

भाषा पृथ्‍वी कुंज अर्पणा

अर्पणा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments