scorecardresearch
Tuesday, 7 April, 2026
होमदेशमणिपुर में बम हमले में दो बच्चों की मौत

मणिपुर में बम हमले में दो बच्चों की मौत

Text Size:

इंफाल, सात अप्रैल (भाषा) मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में संदिग्ध कुकी उग्रवादियों ने मंगलवार को बम हमला किया, जिसमें दो बच्चों की मौत हो गई जबकि उनकी मां घायल हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

घटना देर रात करीब एक बजे हुई, जब मोइरांग ट्रोंग्लाओबी में संदिग्ध उग्रवादियों द्वारा फेंका गया बम एक घर पर गिरा। विस्फोट में पांच वर्षीय लड़के और छह महीने की बच्ची की मौत हो गई।

घर के अंदर बम फटने के समय तीनों सो रहे थे।

निचले इलाके में स्थित मोइरांग ट्रोंग्लाओबी, चुराचांदपुर के पहाड़ी क्षेत्रों के पास है और 2023 व 2024 में जातीय संघर्ष के चरम पर होने के दौरान यहां लगातार गोलीबारी की घटनाएं हुई थीं।

इस बीच, भाजपा के स्थानीय विधायक टी. एच. शांति सिंह ने ट्रोंग्लाओबी आवांग लेकाई में हुए “निर्दयी हमले” की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि “कुकी नार्को-आतंकवादियों” ने इसे अंजाम दिया।

उन्होंने कहा, “यह जघन्य कृत्य आतंकवाद से कम नहीं है। ऐसे अमानवीय कृत्यों का हमारे समाज में कोई स्थान नहीं है और इसकी कड़े शब्दों में निंदा होनी चाहिए।”

विधायक ने कहा, “मैं जान गंवाने वाले पांच वर्षीय लड़के और पांच महीने की बच्ची को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, जिन्हें इतनी निर्दयता से छीन लिया गया। इस असीमित दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।”

भाषा जोहेब गोला

गोला

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments