नयी दिल्ली, 10 मार्च (भाषा) दिल्ली के शाहबाद डेरी इलाके में मंगलवार को एक खड़ी कार के अंदर रिश्ते के दो भाई मृत पाए गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस को सुबह करीब 11:30 बजे खेड़ा खुर्द गांव में नहर के पास एक कार के संदिग्ध हालात में खड़ी होने के बारे में सूचना मिली जिसमें बताया गया कि कार के अंदर दो व्यक्ति बेहोश पड़े हैं और उनकी नाक से खून बह रहा है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि वाहन उत्तर प्रदेश पंजीकरण संख्या वाला था और उसके दरवाजे भी खुले थे। उन्होंने बताया कि एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और कार के अंदर दो लोग लेटे हुए मिले।
पुलिस ने बताया कि उनकी मां समेत परिवार के सदस्य भी मौके पर पहुंचे और शवों की पहचान की। मृतकों की उम्र लगभग 20 और 35 वर्ष बताई जा रही है।
शवों को कब्जे में ले लिया गया है और मौत के सटीक कारण का पता लगाने के लिए उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
भाषा
शुभम प्रशांत
प्रशांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.