scorecardresearch
Tuesday, 24 March, 2026
होमदेशडीटीसी कर्मी की हत्या के सिलसिले में दो गिरफ्तार

डीटीसी कर्मी की हत्या के सिलसिले में दो गिरफ्तार

Text Size:

नयी दिल्ली, 13 जुलाई (भाषा) दक्षिण पूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के एक कर्मचारी की हत्या के सिलसिले में दो और व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने बुध‍वार को बताया कि डीटीसी बस के चालक 45 वर्षीय संजीव कुमार की छह जुलाई को उस समय फतेह सिंह मार्ग पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी जब वह अपनी पत्नी और आठ वर्षीय बेटे के साथ बाजार से घर लौट रहे थे।

पुलिस ने कहा कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान झारखंड निवासी इकबाल अंसारी (42) और गुजरात के रहने वाले मनीष मिश्र (34) के तौर पर हुई है। पुलिस के मुताबिक, हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता अंसारी है जबकि अपराध को मिश्र ने अंजाम दिया है।

इससे पहले, कुमार की हत्या के आरोप में उसकी पत्नी गीता उर्फ नजमा (28) और पूर्व पत्नी गीता (54) और उसकी बेटी कोमल (21) को गिरफ्तार किया गया था।

नजमा ने पुलिस को बताया था कि उसका पति उसे पीटता था। उसकी पत्नी और पूर्व पत्नी, दोनों ने उसकी हत्या करने तथा उसकी संपत्ति को आपस में बांट लेने की साज़िश रची।

पुलिस के मुताबिक, अंसारी को शनिवार रात करीब सवा 10 बजे गोविंदपुरी मेट्रो स्टेशन के पास से रविदास मार्ग से गिरफ्तार किया गया है।

उसने पुलिस को बताया कि उनसे नजमा, गीता और अपने दो साथियों नयूम और मिश्र के साथ साज़िश रचकर कुमार की हत्या कर दी।

विशेष प्रकोष्ठ के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) जसमीत सिंह ने बताया कि घटना के बाद मिश्र गुजरात भाग गया था जबकि नयूम झारखंड चला गया था। उन्होंने बताया कि मिश्र को मंगलवार को गुजरात के वलसाड से पकड़ा गया था।

पुलिस के अनुसार, अंसारी ने कहा कि नजमा उसकी रिश्ते की बहन है और कुमार ने 12 साल पहले नजमा से कथित रूप से शादी की थी और उसे यह नहीं बताया था कि उसकी गीता से पहले ही शादी हो चुकी है।

पुलिस के मुताबिक, अंसारी ने आरोप लगाया कि कुछ समय बाद ही कुमार ने नजमा के साथ दुर्व्यवहार करना शुरू कर दिया था। उन्होंने बताया कि गीता इसलिए क्रोधित थी कि नजमा के लिए कुमार ने उसे छोड़ दिया था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जब गीता को पता चला कि नजमा भी कुमार से नाराज है तो दोनों ने कुमार को मार कर उसकी संपत्ति हथियाने की साजिश रची।

नजमा ने अपनी योजना के बारे में अंसारी को बताया जिसने अपने गांव के नयूम को यह जिम्मेदारी सौंपी।

भाषा नोमान मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments