नयी दिल्ली/कोलकाता 28 फरवरी (भाषा) तृणमूल कांग्रेस का आधिकारिक ट्विटर अकाउंट करीब 13 घंटों बाद मंगलवार शाम को बहाल हुआ। पार्टी अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पार्टी के सूत्रों ने बताया कि अकाउंट को सोमवार रात में हैक किया गया था और इसका नाम बदलकर ‘युग लैब्स’ कर दिया गया था।
अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस की मीडिया टीम के एक सदस्य ने कहा, ‘‘ट्विटर अकाउंट को करीब 13 घंटों बाद अपराह्न करीब चार बजे बहाल किया गया।’’ उन्होंने कहा कि पार्टी ने कोलकाता पुलिस के साइबर प्रकोष्ठ में शिकायत दर्ज कराई है।
तृणमूल के राष्ट्रीय प्रवक्ता डेरेक ओ ब्रायन ने इसके पहले सुबह कहा कि पार्टी इस समस्या का निदान करने के लिए सोशल मीडिया कंपनी ट्विटर के साथ संपर्क में है।
ब्रायन ने कहा, ‘‘अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर खाते से छेड़छाड़ की गई है। हम ट्विटर के अधिकारियों के साथ संपर्क में हैं, जो इस समस्या को दूर करने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने हमें त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।’’
अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट का नाम बदलकर ‘युग लैब्स’ कर दिया गया है।
भाषा
संतोष पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
