नई दिल्ली: केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने सोमवार को मध्य प्रदेश की एक पूर्व जिला जज और उनके बेटे के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है. दोनों पर ट्विशा शर्मा के साथ लंबे समय तक क्रूरता और उत्पीड़न करने और उन्हें आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया गया है.
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा की रहने वाली एक्टर-मॉडल ट्विशा शर्मा की शादी जज गिरिबाला सिंह के बेटे समर्थ सिंह से हुई थी. आरोप है कि भोपाल के कटारा हिल्स स्थित अपने घर में उन्होंने आत्महत्या कर ली. उनकी मौत के बाद लोगों में गुस्सा और उनके परिवार की ओर से दहेज की मांग, प्रताड़ना और उत्पीड़न के आरोप सामने आए. इसके कुछ दिनों बाद भोपाल पुलिस ने मां-बेटे के खिलाफ मामला दर्ज किया और ट्विशा के पति को गिरफ्तार कर लिया.
बाद में सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर सीबीआई ने जांच अपने हाथ में ली और गिरिबाला सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया.
सीबीआई के एक अधिकारी ने दिप्रिंट को बताया, “अब तक की जांच में यह सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों ने मृतका (ट्विशा) के साथ इतनी मानसिक क्रूरता की कि उसे लगा कि उसके पास अपनी ज़िंदगी खत्म करने के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं है. इसलिए उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में आरोप लगाए गए हैं.”
हालांकि, उन्होंने बताया कि दहेज की मांग और दहेज देने से इनकार के कारण मौत के आरोपों की जांच अभी जारी है और इन्हें अगली चार्जशीट में शामिल किया जा सकता है.
एक सूत्र ने कहा, “हमें ऐसा कोई मुकदमा चलाने लायक सबूत नहीं मिला, जिससे यह पता चले कि दहेज की कोई खास मांग की गई थी. इसलिए हमने जांच को खुला रखा है.”
सूत्रों के अनुसार, गिरिबाला और ट्विशा के पति समर्थ, दोनों पर धारा 80(2) (दहेज से मौत), 85 (पति या पति के रिश्तेदार द्वारा महिला के साथ क्रूरता), 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना), 3(5) (साझा इरादा) और दहेज निषेध अधिनियम, 1961 की धारा 3 और 4 के तहत आरोप लगाए गए हैं.
सूत्रों ने आगे बताया कि 600 से ज्यादा पन्नों की चार्जशीट में शादी से लेकर ट्विशा के साथ कथित दबाव और उत्पीड़न की अवधि और उनकी आत्महत्या तक हुई घटनाओं का क्रम दर्ज किया गया है.
अदालत में दाखिल दस्तावेज़ के अनुसार, समर्थ और ट्विशा की शादी पिछले साल 9 दिसंबर को हुई थी, लेकिन ससुराल में कुछ विवाद के कारण वह इस साल अप्रैल में नोएडा स्थित अपने माता-पिता के घर लौट आई थीं. यह विवाद तब शुरू हुआ था जब समर्थ के परिवार को इस साल अप्रैल में ट्विशा के गर्भवती होने की जानकारी मिली.
हाईकोर्ट में जमानत की सुनवाई के दौरान सीबीआई की ओर से पेश हुए भारत के डिप्टी सॉलिसिटर जनरल सुयश मोहन गुरु और मध्य प्रदेश के एडवोकेट जनरल प्रशांत सिंह ने मामले के तथ्य अदालत के सामने रखे. उन्होंने बताया कि समर्थ सिंह और ट्विशा शर्मा की शादी 9 दिसंबर 2025 को हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार हुई थी. शादी में मृतका के पिता ने दहेज और उपहार दिए थे.
जांच के अनुसार, ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह, पति समर्थ और ट्विशा के नंबर के बीच “आपत्तिजनक” WhatsApp चैट मिली हैं. इनमें ट्विशा के चरित्र पर सवाल उठाए गए थे. सूत्रों ने आगे बताया कि सीबीआई ने ट्विशा के साथ क्रूरता के आरोप साबित करने के लिए 30 अप्रैल, 7 मई, 5 मई और 11 मई की इन WhatsApp चैट के कुछ हिस्सों को चार्जशीट में शामिल किया है.
उनके परिवार के बयानों के आधार पर एजेंसी ने पाया कि ट्विशा 30 अप्रैल को भोपाल वापस आई थीं. कुछ दिनों बाद उन्होंने अपनी मां से उन्हें भोपाल से वापस ले जाने के लिए कहा. इस साल 12 मई को भी उन्होंने इसी तरह चिंता जताई. उन्होंने कथित तौर पर अपनी मां को फोन किया और दोबारा घर वापस ले जाने की बात कही. उन्होंने कहा कि समर्थ उन पर चिल्ला रहा था.
अगले दिन गिरिबाला ने कथित तौर पर ट्विशा के माता-पिता का फोन उठाया. उसी रात ट्विशा अपने पति के घर में फंदे से लटकी हुई मिलीं.
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: J&K में 7,656 रोहिंग्या, 117 केस दर्ज, केंद्रीय समिति के सामने मानव तस्करी की चिंता भी उठी