scorecardresearch
Saturday, 25 April, 2026
होमदेशटीवीके प्रमुख विजय ने चेन्नई के पेरम्बूर से नामांकन दाखिल किया

टीवीके प्रमुख विजय ने चेन्नई के पेरम्बूर से नामांकन दाखिल किया

Text Size:

चेन्नई, 30 मार्च (भाषा) तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के प्रमुख और अभिनेता से नेता बने विजय ने सोमवार को चेन्नई के पेरम्बूर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल किया।

इस दौरान उन्होंने लोगों से अपील की कि वे टीवीके को अवसर दें और 23 अप्रैल को पार्टी के प्रतीक चिह्न ‘सीटी’ पर मतदान करें।

वहीं, पार्टी के शीर्ष नेता आधव अर्जुन ने चेन्नई के विल्लीवक्कम विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल किया।

अर्जुन ‘लॉटरी किंग’ सैंटियागो मार्टिन के दामाद हैं। विजय की तरह ही टीवीके के चुनाव अभियान प्रबंधन महासचिव अर्जुन के लिए भी यह पहला विधानसभा चुनाव है। वह पूर्व में विदुथलाई चिरुथैगल काची (वीसीके) के साथ थे।

नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद विजय ने अपने चुनाव प्रचार वाहन से लोगों को संबोधित करते हुए द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) को ‘‘बुरी शक्ति’’ करार दिया।

उन्होंने द्रमुक शासन पर निशाना साधते हुए कानून-व्यवस्था तथा नशीले पदार्थों के कथित प्रसार को लेकर सरकार की आलोचना की तथा कहा कि महिलाओं के लिए कोई सुरक्षा नहीं है।

विजय ने कहा, ‘‘हमें तमिलनाडु को बचाना है। इस दुर्दशा के लिए कौन जिम्मेदार है? इस स्थिति के लिए ‘बुरी शक्ति’ द्रमुक जिम्मेदार है।’’

उन्होंने उत्तरी चेन्नई के पेरम्बूर और मध्य तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली पूर्वी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है।

विजय ने चुनाव को केवल टीवीके और सत्तारूढ़ द्रमुक के बीच की सीधी टक्कर बताया।

उन्होंने स्टालिन सरकार पर पिछले पांच वर्षों में परिवार के साथ मिलकर ‘‘लूट’’ करने का आरोप भी लगाया।

भाषा

प्रचेता नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments