scorecardresearch
Friday, 10 April, 2026
होमदेशटीवीके प्रमुख विजय ने नए चुनावी हलफनामे में दो लंबित आपराधिक मुकदमों का खुलासा किया

टीवीके प्रमुख विजय ने नए चुनावी हलफनामे में दो लंबित आपराधिक मुकदमों का खुलासा किया

Text Size:

(फाइल फोटो के साथ)

चेन्नई, पांच अप्रैल (भाषा) तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) प्रमुख विजय ने 23 अप्रैल को होने वाले तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए निर्वाचन अधिकारी के समक्ष दाखिल किए नए हलफनामे में दो लंबित आपराधिक मुकदमों का खुलासा किया है।

अभी जांच का सामना कर रहे विजय ने पहले दाखिल किए चुनावी हलफनामे में कोई लंबित आपराधिक मामला नहीं बताया था।

सूत्रों के अनुसार, तीन अप्रैल को नोटरी द्वारा सत्यापित यह नया हलफनामा चार अप्रैल को एक प्रतिनिधि के माध्यम से जमा किया गया। इसमें चेन्नई और मदुरै के दो मामलों का उल्लेख है, जो 30 मार्च को नोटरी द्वारा सत्यापित किए गए पिछले दस्तावेज में शामिल नहीं थे।

नए हलफनामे में विजय ने चेन्नई के के-5 पेरावल्लूर थाने में दर्ज प्राथमिकी संख्या 74/2026 का जिक्र किया है, जो 30 मार्च को चुनाव प्रचार के दौरान कथित रूप से सार्वजनिक अशांति फैलाने से जुड़ी है। उन्होंने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी दो अप्रैल को सोशल मीडिया के माध्यम से मिली।

दूसरी प्राथमिकी संख्या 108/2025 मदुरै जिले के कूडाकोविल थाने में दर्ज है, जो 21 अगस्त 2025 को एक पार्टी सम्मेलन के दौरान हुई घटना से संबंधित है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि नेता के पास पहुंचने की कोशिश के दौरान बाउंसरों ने उसे धक्का दिया, जिससे वह घायल हो गया। हालांकि विजय ने कहा कि उन्हें अब तक इस मामले में कोई औपचारिक समन नहीं मिला है।

हलफनामे में जहां आपराधिक मामलों में बदलाव हुआ है, वहीं वित्तीय विवरण लगभग समान रहे।

नए हलफनामे में विजय की चल संपत्ति लगभग 410.59 करोड़ रुपये बताई गई है, जबकि पहले यह 404.58 करोड़ रुपये थी। इसमें 15 लाख रुपये के चांदी के सामान और 883 ग्राम सोने के आभूषण (मूल्य 1.20 करोड़ रुपये से अधिक) शामिल हैं।

उनकी अचल संपत्ति, जिनमें नीलांकरई और सलीग्रामम जैसे क्षेत्रों में व्यावसायिक और आवासीय भवन शामिल हैं, का कुल बाजार मूल्य लगभग 220.15 करोड़ रुपये आंका गया है।

टीवीके नेता ने 2024-25 वित्त वर्ष के लिए 184.53 करोड़ रुपये की कुल आय घोषित की है। उन्होंने विभिन्न आकलन वर्षों के लिए लगभग 3.44 करोड़ रुपये के लंबित आयकर बकाये का भी उल्लेख किया, जो फिलहाल अपील के तहत हैं।

विजय पेरंबूर और तिरुचिरापल्ली पूर्व विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने 30 मार्च को पेरंबूर सीट से पहला नामांकन दाखिल किया था और दो अप्रैल को तिरुचिरापल्ली पूर्व सीट के लिए नामांकन किया।

भाषा गोला सुरभि

सुरभि

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments