करीमनगर (तेलंगाना), 15 जुलाई (भाषा) तेलंगाना में कुछ दिन पहले भारी बारिश से संबंधित सूचनाएं जुटाने के दौरान बाढ़ में बहे टीवी पत्रकार का शव जगित्याल जिले में रामजीपेट के निकट शुक्रवार सुबह बरामद किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि जगित्याल में एक समाचार चैनल के पत्रकार जमीर (36) बारह जुलाई को बाढ़ से संबंधित खबरें कवर करने के लिए जिले के रैकल गांव में गये थे और इसके बाद वह लापता हो गये थे।
रैकल के सहायक उप निरीक्षक देवेंद्र ने कहा, ‘‘जल स्तर बहुत ज्यादा होने के कारण जिस कार में वह सवार थे, वह बाढ़ के पानी में बह गयी थी।’’
उन्होंने बताया कि वाहन को बृहस्पतिवार को एक बाढ़ग्रस्त इलाके से बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस और राजस्व अधिकारियों ने इलाके की तलाशी ली और पत्रकार का शव शुक्रवार सुबह रामजीपेट गांव में मिला।
देवेंद्र ने बताया कि जमीर जगित्याल शहर का रहने वाला था और उसके परिवार में पत्नी तथा दो बच्चे हैं।
विधायक एम. संजय कुमार, जगित्याल के जिलाधिकारी जी. रवि, पुलिस अधीक्षक सिंदु शर्मा और अन्य ने घटनास्थल का दौरा किया।
भाषा गोला देवेंद्र
देवेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
