scorecardresearch
Monday, 22 December, 2025
होमदेशत्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने उपचुनाव में जीत हासिल की

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने उपचुनाव में जीत हासिल की

Text Size:

अगरतला, 26 जून (भाषा) त्रिपुरा के मुख्यमंत्री व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार माणिक साहा ने टाउन बारदोवली सीट पर हुए उपचुनाव में रविवार को 6,104 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी।

साहा को 17,181 मत मिले, जो क्षेत्र में पड़े कुल वोटों का 51.63 प्रतिशत हैं।

वहीं, उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के आशीष कुमार साहा को 11,077 वोट हासिल हुए, जो कुल वोटों का 33.29 प्रतिशत है।

वाम मोर्चे की तरफ से फॉरवर्ड ब्लॉक के उम्मीदवार रघुनाथ सरकार तीसरे स्थान पर रहे। उन्होंने 3,376 (10.15 फीसदी) वोट हासिल किए।

मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से कहा, ”जिन लोगों ने मुझे वोट दिया, मैं उन्हें धन्यवाद देता हूं। यह भाजपा कार्यकर्ताओं की जीत है। मुझे उम्मीद थी कि अंतर थोड़ा अधिक होगा। हालांकि, परिणाम माकपा और कांग्रेस के बीच मिलीभगत को साबित करते हैं। हम भविष्य में भी इसी तरह काम करेंगे। लोगों ने मिलीभगत को नकार दिया है।”

उन्होंने कहा, ”हमने कई सालों तक राज्य में चुनाव के बाद हिंसा देखी है, इसलिए हमने लोगों से ऐसी चीजों से दूर रहने का आग्रह किया है। लोगों का विश्वास सबसे महत्वपूर्ण है, और हम चाहेंगे कि उन्हें किसी भी समस्या का सामना न करना पड़े। मैं विपक्षी दलों से भी शांति बनाए रखने का अनुरोध करता हूं।”

तत्कालीन मुख्यमंत्री बिप्लब देब के अचानक इस्तीफा देने के बाद राज्यसभा सांसद माणिक साहा को पिछले महीने राज्य का मुख्यमंत्री नियुक्त किया गया था। मुख्यमंत्री बने रहने के लिए उन्हें यह उपचुनाव जीतना जरूरी था।

नियमानुसार विधानसभा के लिए चुने जाने के बाद अब वह सांसद के रूप में इस्तीफा दे देंगे।

आशीष कुमार साहा के भाजपा विधायक के रूप में इस्तीफा देने और फरवरी में कांग्रेस में शामिल होने के बाद टाउन बारदोवली सीट पर उपचुनाव हुआ था।

भाषा जोहेब वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments