scorecardresearch
Saturday, 16 August, 2025
होमदेशत्रिपुरा: ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुनने के लिए एकत्र हुए भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला, कई घायल

त्रिपुरा: ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुनने के लिए एकत्र हुए भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला, कई घायल

Text Size:

अगरतला, 27 जुलाई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ सुनने के लिए त्रिपुरा के खोवाई जिले में एक स्थान पर एकत्र हुए भाजपा कार्यकर्ताओं के एक समूह पर किये गए हमले में कई लोग घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि हमलावरों ने भाजपा सदस्यों के तीन वाहनों और 10 मोटरसाइकिल को भी आग के हवाले कर दिया।

यह घटना चंपाहोवर पुलिस थाना क्षेत्र के सुदूर आदिवासी गांव पुरबा तकसैया में हुई।

भाजपा ने आरोप लगाया कि हमले के पीछे उसके सहयोगी टिपरा मोथा के सदस्यों का हाथ है।

राज्य में भाजपा नीत सरकार में शामिल प्रद्योत देबबर्मा के नेतृत्व वाली टिपरा मोथा पार्टी ने इस घटना में अपनी संलिप्तता से इनकार किया है।

खोवाई कुडियारासु के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘भाजपा कार्यकर्ताओं का एक समूह ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुनने के लिए एक घर में एकत्र हुआ था। अचानक, कुछ बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। सभी को पास के एक स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आंतरिक प्रतिद्वंद्विता के कारण यह हमला हुआ और इसका ‘मन की बात’ कार्यक्रम से कोई लेना-देना नहीं है। इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है। अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।’’

भाजपा जनजाति मोर्चा के महासचिव बिपिन देबबर्मा ने आरोप लगाया कि इस हमले के पीछे टिपरा मोथा की युवा इकाई का हाथ है।

उन्होंने कहा कि घातक हथियारों से लैस लोगों ने भाजपा के उन कार्यकर्ताओं पर हमला किया, जो प्रधानमंत्री मोदी के रेडियो कार्यक्रम को सुन रहे थे।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे सात सदस्य हमले में घायल हो गए और दो को खोवाई से अगरतला के जीबीपी अस्पताल ले जाया गया। उपद्रवियों ने कई वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम टिपरा मोथा की युवा इकाई द्वारा भाजपा सदस्यों पर किए गए हमले की कड़ी निंदा करते हैं। मैं मुख्यमंत्री माणिक साहा से आग्रह करता हूं कि वे सभी हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित करें।’’

वन मंत्री अनिमेष देबबर्मा, जो टिपरा मोथा के नेता हैं, ने इस घटना में अपनी पार्टी की संलिप्तता से इनकार किया।

उन्होंने दावा किया, ‘‘मुझे नहीं पता कि भाजपा ने क्या कहा है। हम अपने सहयोगियों के नेताओं, कार्यकर्ताओं या समर्थकों पर हमला नहीं करते। ऐसी स्थिति पैदा करने की साजिश हो सकती है। पार्टी किसी भी तरह से हमले में शामिल नहीं है।’’

विपक्ष के नेता एवं माकपा नेता जितेंद्र चौधरी ने इसे ‘‘बर्बर घटना’’ बताया और दोषियों को कड़ी सजा दिये जाने की मांग की।

भाषा

देवेंद्र सुभाष

सुभाष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments