scorecardresearch
Monday, 20 April, 2026
होमदेशत्रिपुरा : भाजपा, कांग्रेस ने उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की

त्रिपुरा : भाजपा, कांग्रेस ने उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की

Text Size:

अगरतला, चार जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और विपक्षी दल कांग्रेस ने त्रिपुरा में विधानसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों की शनिवार को घोषणा की।

चार सीट- टाउन बारदोवाली, अगरतला, सूरमा और जुबराजनगर के लिए उपचुनाव 23 जून को होने हैं, जिनमें से दो सीट पर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और भाजपा उम्मीदवारों के साथ कांग्रेस के उम्मीदवार आमने-सामने होंगे।

इससे पहले, दिल्ली में भाजपा ने भी चार सीट के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। भाजपा छोड़कर फरवरी में कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व विधायक सुदीप रॉय बर्मन का अगरतला निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक सिन्हा से मुकाबला होगा। बर्मन 2018 में अच्छे अंतर से इस सीट पर जीते थे।

टाउन बारदोवाली में कांग्रेस के आशीष साहा का मुकाबला मुख्यमंत्री माणिक साहा से होगा, जो प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भी हैं। माणिक साहा अभी विधानसभा के सदस्य नहीं हैं। माणिक ने बिप्लब कुमार देब के पद से हटने के एक दिन बाद 15 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

त्रिपुरा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बिरजीत सिन्हा ने कहा कि पार्टी उपचुनाव के दौरान बाइक सवार बदमाशों की गतिविधियों का कड़ा विरोध करेगी। राज्य में विपक्षी दल आरोप लगाते रहे हैं कि ‘‘भाजपा समर्थित’’ बाइक सवार बदमाश राज्य भर में आतंक फैला रहे हैं। माकपा और तृणमूल कांग्रेस ने भी अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं।

भाषा आशीष उमा

उमा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments