कृष्णानगर, एक मार्च (भाषा) केंद्रीय मंत्री जे पी नड्डा ने पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार पर घुसपैठियों की मदद करने का आरोप लगाते हुए रविवार को दावा किया कि इसके कारण पश्चिम बंगाल के मूल निवासी अल्पसंख्यक हो जाएंगे।
नड्डा ने नदिया जिले के कृष्णानगर में एक रैली को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस राज्य को ‘‘घुसपैठियों का केंद्र’’ बनाने की कोशिश कर रही है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य में ‘परिवर्तन यात्राएं’ निकालीं जिनमें से एक को कृष्णानगर से रवाना किया गया।
उन्होंने बनर्जी सरकार के कार्यकाल में राज्य में कानून-व्यवस्था नहीं होने का आरोप लगाते हुए कहा कि टीएमसी का मतलब ‘‘ ‘टेरर’, ‘मुस्लिम अपीजमेंट’ एवं ‘करप्शन’ (आतंक, मुस्लिम तुष्टीकरण और भ्रष्टाचार) है।’’
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री नड्डा ने कहा कि तृणमूल सरकार ने राज्य में आयुष्मान भारत योजना को लागू नहीं होने दिया जिससे करीब 40 लाख परिवार पांच लाख रुपये तक के नि:शुल्क इलाज से वंचित रह गए।
उन्होंने कहा, ‘‘यहां सत्ता में आने के तुरंत बाद हम बंगाल में ‘आयुष्मान भारत’ लागू करेंगे।’’
भाषा सिम्मी देवेंद्र
देवेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
