जोधपुर (राजस्थान), तीन जनवरी (भाषा) राजस्थान के पाली में सूर्यनगरी एक्सप्रेस ट्रेन के 13 डिब्बों के पटरी से उतरने के बाद बाधित रेल यातायात मरम्मत कार्य पूरा होने पर करीब 20 घंटों के भीतर मंगलवार देर रात सामान्य रूप से बहाल हो गया।
एक अधिकारी ने बताया कि मंगलवार देर रात दो बजकर 25 मिनट पर एक यात्री गाड़ी उस रास्ते से सफलतापूर्वक गुजरी।
गौरतलब है कि बांद्रा टर्मिनस – जोधपुर (सूर्यनगरी एक्सप्रेस) ट्रेन के 13 डिब्बे सोमवार तड़के तीन बजकर 27 मिनट पर पटरी से उतर गए थे। हादसे में 26 यात्रियों को चोटें आयीं।
रेलवे की संभागीय प्रबंधक दीपिका पांडे ने मंगलवार को बताया कि जोधपुर और अजमेर संभाग से आए कर्मचारियों ने तत्कात मरम्मत का काम शुरू किया और पटरी 20 घंटों के भीतर यातायात के लिए उपयुक्त बना दी गई।
पांडे ने बताया, ‘‘काम खत्म होने के बाद हमने परीक्षण के लिए पटरी पर हल्का इंजन चलाया और वह सफल रहा। फिर हमने एक मालगाड़ी रवाना की। उसके सफल रहने के बाद हमने जम्मूतवी-बांद्रा टर्मिनस (विवेक एक्सप्रेस) को देर रात दो बजकर 25 मिनट पर यहां से गुजरने दिया।’’
भाषा अर्पणा सुरभि
सुरभि
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
