नयी दिल्ली, 28 मार्च (भाषा) दिल्ली यातायात पुलिस ने शनिवार को 29 मार्च को होने वाली हाफ मैराथन से पहले एक परामर्श जारी किया, जिसमें शहर के मध्य भागों में यातायात प्रतिबंधों की चेतावनी दी गई है।
टाइम्स इंटरनेट लिमिटेड द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम सुबह पांच बजे मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में शुरू होगा और सुबह 10 बजे तक जारी रहेगा।
यह मार्ग सी-हेक्सागन, कर्तव्य पथ, जनपथ, अशोका रोड और मानसिंह रोड जैसे प्रमुख हिस्सों से होकर गुजरेगा और अंततः स्टेडियम पर समाप्त होगा।
परामर्श के अनुसार, इंडिया गेट, मानसिंह रोड, जनपथ, कर्तव्य पथ, अशोक रोड, अकबर रोड और मैराथन मार्ग पर किसी भी वाहन को रुकने या पार्क करने की अनुमति नहीं होगी।
कार्यक्रम के दौरान कई प्रमुख मार्गों से बचने की सलाह दी गई है, जिनमें अकबर रोड, अशोका रोड, सी-हेक्सागन, शाहजहां रोड, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, पुराना किला रोड, शेरशाह रोड और पंडारा रोड शामिल हैं।
परामर्श में कहा गया है कि इन सड़कों पर खड़े पाए जाने वाले वाहनों को हटा लिया जाएगा और उन्हें भैरों मंदिर के पास भैरों मार्ग स्थित निर्धारित स्थल पर स्थानांतरित किया जाएगा।
भाषा
राखी संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
