बनिहाल/जम्मू, 21 मार्च (भाषा) जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही सोमवार को बहाल हो गयी। रामबन जिले में भूस्खलन होने के बाद, 15 घंटों से अधिक समय तक यातायात निलंबित था।
अधिकारियों ने बताया कि कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाला 270 किलोमीटर लंबा यह राजमार्ग रविवार दोपहर को रामबन के समीप मेहर में भूस्खलन के कारण बाधित हो गया था। बार-बार पत्थर गिरने के कारण सड़क को साफ करने का अभियान बाधित हुआ था।
उन्होंने बताया कि राजमार्ग के बंद होने के कारण ज्यादातर ट्रक फंस गए थे। उन्हें सोमवार को सुबह करीब आठ बजे जम्मू की ओर जाने की अनुमति दी गयी। जम्मू और श्रीनगर दोनों ओर से हल्के मोटर वाहनों की आवाजाही की अनुमति दी गयी है और अंतिम रिपोर्ट मिलने तक यातायात सुचारू रूप से चल रहा था।
भाषा
गोला मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
