scorecardresearch
Tuesday, 3 March, 2026
होमदेशसड़कों की मरम्मत और निर्माण के कारण दक्षिण दिल्ली में यातायात जाम

सड़कों की मरम्मत और निर्माण के कारण दक्षिण दिल्ली में यातायात जाम

Text Size:

नयी दिल्ली, 16 मार्च (भाषा) दिल्ली के दक्षिणी हिस्सों में मरम्मत और निर्माण कार्यों के कारण प्रमुख मार्ग बंद रहने के चलते बृहस्पतिवार को भी यातायात जाम रहा। इस दौरान यात्रियों ने अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी मुश्किलों का सामना किया।

चिराग दिल्ली फ्लाईओवर रविवार से 50 दिन के लिए बंद किया जा चुका है, जबकि रंगपुरी और रजोकरी के बीच दिल्ली-जयपुर राजमार्ग (एनएच-48) का एक हिस्सा मंगलवार से 90 दिन के लिए बंद कर दिया गया।

दिल्ली पुलिस ने ट्विटर पर यात्रियों को सूचना दी कि चिराग दिल्ली फ्लाईओवर पर मार्ग परिवर्तन के कारण नेहरू प्लेस से आईआईटी फ्लाईओवर की ओर जाने वाले रास्ते पर यातायात धीमा है।

नोएडा के रहने वाले सुनील कुमार सक्सेना ने कहा, “चिराग दिल्ली की ओर जाने वाली सड़क पर भारी यातायात था जो आजकल आम बात है। हालांकि, व्यस्त समय के दौरान स्थिति और भी खराब हो जाती है। इस रास्ते से न जाना हमारे लिए बेहतर विकल्प होगा।”

पुलिस ने यह भी कहा कि रानी झांसी रोड पर एक बस के खराब हो जाने के कारण ईदगाह से राम कुमार मार्ग तिराहे की ओर जाने वाले मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ है और लोग इस मार्ग से यात्रा करने से बचें।

लोक कल्याण मंत्री आतिशी ने मंगलवार को अधिकारियों को चिराग दिल्ली फ्लाईओवर के रखरखाव का काम 50 दिन के बजाय एक महीने में पूरा करने का निर्देश दिया था। इस मामले को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के लिए उन्होंने पीडब्ल्यूडी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की थी।

भाषा जोहेब नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments