scorecardresearch
Saturday, 7 March, 2026
होमदेशरात नौ बजे तक के मुख्य समाचार

रात नौ बजे तक के मुख्य समाचार

Text Size:

नयी दिल्ली, सात अप्रैल (भाषा) ‘भाषा’ की विभिन्न फाइलों से बृहस्पतिवार रात नौ बजे तक जारी मुख्य समाचार इस प्रकार हैं:

संसद18 संपूर्ण लीड स्थगित लोस रास

संसद का बजट सत्र अनिश्चित काल के लिए स्थगित : राज्यसभा में आज भी हुआ हंगामा

नयी दिल्ली, संसद का बजट सत्र बृहस्पतिवार को अपने निर्धारित कार्यक्रम से एक दिन पहले ही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया तथा राज्यसभा में सत्र के अंतिम दिन भी विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष के सदस्यों का हंगामा देखा गया।

दि12 सत्र कांग्रेस

महंगाई पर चर्चा से भागी सरकार, अचानक दोनों सदनों की बैठक स्थगित करवाई : कांग्रेस

नयी दिल्ली, कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को संसद के दोनों सदनों की बैठक अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के बाद आरोप लगाया कि सरकार महंगाई के विषय पर चर्चा कराने से भाग खड़ी हुई जिस कारण लोकसभा एवं राज्यसभा की बैठकें अचानक से स्थगित करवा दी गईं।

दि66 एमईए भारत अमेरिका लीड वार्ता

भारत और अमेरिका के बीच ‘टू प्लस टू’ वार्ता 11 अप्रैल को वाशिंगटन में होगी

नयी दिल्ली, भारत और अमेरिका के बीच विदेश एवं रक्षा मंत्री स्तर की ‘‘टू प्लस टू’’ वार्ता 11 अप्रैल को वाशिंगटन में होगी। इसमें दोनों पक्षों को महत्वपूर्ण क्षेत्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान प्रदान करने और साझा हितों एवं चिंताओं पर साथ मिलकर काम करने के रास्तों के बारे में चर्चा करने का मौका मिलेगा ।

दि57 ईडी लीड उमर

जम्मू-कश्मीर बैंक मामले में ईडी ने उमर अब्दुल्ला से पूछताछ की, पार्टी ने बताया ‘दुर्भावनापूर्ण’

नयी दिल्ली, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से करीब 12 साल पहले जब वह पद पर थे तब जम्मू-कश्मीर बैंक द्वारा एक इमारत की खरीद से संबंधित मामले में बृहस्पतिवार को पांच घंटे तक पूछताछ की। अधिकारियों ने यहां ये जानकारी दी।

दि50 एमईए भारत रूस

भारत का रूस के साथ स्थापित आर्थिक संबंध है, इसे स्थिर बनाये रखने पर दे रहे ध्यान : मंत्रालय

नयी दिल्ली, भारत ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसका रूस के साथ स्थापित आर्थिक संबंध हैं और हमारे सम्पर्को को राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए।

वि42 पाक तीसरीलीड राजनीति अदालत

नेशनल असेंबली के उपाध्यक्ष का फैसला अनुच्छेद-95 का उल्लंघन, न्यायालय आज सुनाएगा फैसला

इस्लामाबाद, पाकिस्तान के उच्चतम न्यायालय ने बृहस्पतिवार को एक विवादास्पद फैसले के माध्यम से संकटग्रस्त प्रधानमंत्री इमरान खान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को खारिज करने के डिप्टी स्पीकर कासिम सूरी के कदम की वैधता से संबंधित महत्वपूर्ण मामले पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया और प्रधान न्यायाधीश उमर अता बंदियाल ने कहा कि अदालत इसे शाम को जारी करेगी।

प्रादे103 कर्नाटक अलकायदा बोम्मई

कर्नाटक हिजाब समर्थक छात्रा की अलकायदा की ओर से हुई प्रशंसा से हैरान नहीं: बोम्मई

बेंगलुरु, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह कक्षा के अंदर हिजाब पहनने के अपने अधिकार का बचाव करने वाली छात्रा मुस्कान की अलकायदा प्रमुख अयमान अल-जवाहिरी द्वारा की गई प्रशंसा से हैरान नहीं हैं।

प्रादे75 महाराष्ट्र अदालत देशमुख ईडी

देशमुख धन शोधन मामले में मुख्य साजिशकर्ता : ईडी ने अदालत से कहा

मुंबई, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बृहस्पतिवार को बंबई उच्च न्यायालय को बताया कि महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख धन शोधन की साजिश के पीछे “मुख्य साजिशकर्ता” थे और उन्होंने धन इकट्ठा करने के लिए अपने आधिकारिक पद का दुरुपयोग किया था।

अर्थ59 आरबीआई डिजिटल बैंक

आरबीआई ने बैंकों को डिजिटल बैंकिंग इकाइयां स्थापित करने के दिशानिर्देश जारी किए

मुंबई, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने बृहस्पतिवार को कहा कि मौजूदा बैंक लगातार खुली रहने वाली डिजिटल बैंकिंग इकाइयां खोल सकते हैं।

प्रादे35 उप्र केशव अखिलेश

आतंकवादी कौन है या अपराधी कौन है यह सपा नहीं तय करेगी : उप मुख्यमंत्री

लखनऊ, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गोरखनाथ मंदिर के गेट पर सुरक्षाकर्मियों पर हमला करने के आरोपी को मानसिक रूप से बीमार बताने पर समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव पर पलटवार करते हुए बृहस्पतिवार को इसे तुष्टीकरण की राजनीति करार दिया और कहा कि आतंकवादी कौन है या अपराधी कौन है, यह सपा नहीं तय करेगी।

अर्थ31 लीड सीएनजी मूल्य वृद्धि

सीएनजी के दाम फिर बढ़े, एक महीने में 10वीं बार वृद्धि के साथ अब तक कुल 13.1 रुपये का इजाफा

नयी दिल्ली, राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार को सीएनजी के दाम में 2.50 रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि की गई है। बीते एक महीने में सीएनजी के दाम 10वीं बार बढ़ाए गए हैं।

खेल11 खेल बैडमिंटन दूसरी लीड भारत

सिंधू और श्रीकांत क्वार्टर फाइनल में, लक्ष्य और मालविका कोरिया ओपन से बाहर

सुनचियोन, दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू और किदांबी श्रीकांत ने गुरुवार को यहां कोरिया ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई लेकिन लक्ष्य सेन और मालविका बंसोड़ दूसरे दौर के अपने अपने मुकाबले हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गए।

भाषा

अमित पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments