scorecardresearch
Thursday, 30 April, 2026
होमदेशसमय बताएगा कि कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन आसन्न है या नहीं: शिवकुमार

समय बताएगा कि कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन आसन्न है या नहीं: शिवकुमार

Text Size:

हुब्बली (कर्नाटक), सात अप्रैल (भाषा) कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने मंगलवार को कहा कि दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के बाद राज्य को नया मुख्यमंत्री मिलेगा या नहीं, यह तो समय ही बताएगा।

बागलकोट और दावणगेरे दक्षिण विधानसभा सीटों पर नौ अप्रैल को उपचुनाव होंगे। वरिष्ठ कांग्रेस विधायकों एच.वाई. मेती और शमनूर शिवशंकरप्पा के निधन के कारण ये उपचुनाव कराए जा रहे हैं।

शिवकुमार ने उपचुनाव के बाद उनके मुख्यमंत्री बनने और नेतृत्व परिवर्तन होने के बारे में पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में पत्रकारों से कहा, ‘‘आप इसकी चिंता क्यों कर रहे हैं? इसे मुद्दा बनाने की कोई आवश्यकता नहीं है… मैं पहले ही कह चुका हूं कि समय इसका जवाब देगा।’’

मंत्री जमीर अहमद खान समेत कुछ नेताओं के इस बयान पर कि मौजूदा मुख्यमंत्री सिद्धरमैया 2028 तक मुख्यमंत्री बने रहेंगे, शिवकुमार ने कहा, ‘‘मैं दूसरों के बयानों पर टिप्पणी नहीं करना चाहता हूं। मैं पार्टी अध्यक्ष हूं… इस मामले पर या तो मुख्यमंत्री या मुझे बोलना होगा। हम दोनों के अलावा बाकी लोग जो कहेंगे, वह अप्रासंगिक है।’’

अपने धैर्य के पीछे का राज पूछे जाने पर शिवकुमार ने जवाब दिया, ‘‘समय इसका जवाब देगा।’’

हाल ही में सिद्धरमैया ने कहा था कि कांग्रेस सरकार दो और वर्षों तक सत्ता में रहेगी और वह राज्य के मुख्यमंत्री हैं।

बीस नवंबर, 2025 को कांग्रेस सरकार के पांच वर्षीय कार्यकाल का आधा समय पूरा होने के बाद मुख्यमंत्री परिवर्तन की अटकलों के बीच सत्ताधारी पार्टी के भीतर नेतृत्व की खींचतान तेज हो गई है।

भाषा अविनाश पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments