नयी दिल्ली, 10 अप्रैल (भाषा) दक्षिण पूर्वी दिल्ली में एक अंतरराज्यीय मादक पदार्थ गिरोह से जुड़ी तीन महिला तस्करों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से 23 किलोग्राम से अधिक गांजा, स्मैक, आभूषण और नकदी बरामद की गई है।
एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि सराय काले खान इलाके में एक महिला तस्कर की गतिविधियों की सूचना मिलने पर, टीम ने जाल बिछाकर बिहार निवासी 32 वर्षीय दारो देवी को पकड़ लिया और उसके पास से 22 किलोग्राम गांजा मिला। इस बाबत मामला दर्ज कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान, देवी ने पुलिस को अपनी सहयोगी आरती (34) तक पहुंचाया, जो लाजपत नगर की निवासी है और प्रतिबंधित पदार्थों के वितरण में कथित तौर पर शामिल थी।
अधिकारी के मुताबिक, पुलिस ने उसके पास से एक किलो से अधिक गांजा, 244 ग्राम आभूषण और 29 लाख रुपये नकद बरामद किए।
इसी से संबंधित एक अन्य कार्रवाई में, सुधा नामक एक अन्य आरोपी को जल विहार से गिरफ्तार किया गया और उसके पास से 28 ग्राम स्मैक मिली। गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान के लिए आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
