scorecardresearch
Monday, 9 February, 2026
होमदेशहरियाणा में अस्पताल, शॉपिंग मॉल के बाहर गोलीबारी के आरोप में दो नाबालिगों सहित तीन लोग पकड़े गए

हरियाणा में अस्पताल, शॉपिंग मॉल के बाहर गोलीबारी के आरोप में दो नाबालिगों सहित तीन लोग पकड़े गए

Text Size:

यमुनानगर, आठ फरवरी (भाषा) हरियाणा के यमुनानगर में एक निजी अस्पताल में और एक शॉपिंग मॉल के बाहर गोलीबारी करने के आरोप में पुलिस ने दो नाबालिगों सहित तीन लोगों को पकड़ा है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि यमुनानगर के कासनपुर क्षेत्र के पास आज सुबह पुलिस ने मुठभेड़ के बाद तीनों आरोपियों को पकड़ा।

पुलिस ने बताया कि शनिवार रात हुई गोलीबारी की घटनाओं में कोई हताहत नहीं हुआ।

पुलिस अधीक्षक कमल दीप गोयल ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘शुरुआती जांच में सामने आया है कि इन घटनाओं का मकसद जबरन वसूली और दहशत का माहौल पैदा करना था।’’

सूत्रों ने बताया कि अस्पताल संचालक को इससे पहले अज्ञात अपराधियों से जबरन वसूली की धमकी मिली थी और इस मामले की सूचना पुलिस को दी गई थी।

उन्होंने कहा कि पकड़े गए आरोपियों में से दो नाबालिग हैं और करनाल जिले के रहने वाले हैं, जबकि तीसरे आरोपी की पहचान कुरुक्षेत्र निवासी गुरलाल सिंह के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में शनिवार रात चेहरा ढके तीन लोगों को निजी अस्पताल में प्रवेश करते हुए देखा गया जहां कोई और मौजूद नहीं था, फिर भी उन्होंने अस्पताल में गोलीबारी की और भाग गए।

इसने कहा कि आरोपियों ने अस्पताल में करीब 13-14 गोलियां चलाईं और बाद में मॉल के बाहर तीन से चार गोलियां चलाने के बाद फरार हो गए।

गोयल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने कई स्थानों पर नाकेबंदी की और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

उन्होंने कहा कि रविवार की सुबह पुलिस ने मोटरसाइकिल पर सवार आरोपियों को यमुनानगर के कासनपुर इलाके के निकट घेर लिया।

गोयल ने बताया कि आरोपियों ने पुलिस पर गोली चलाई और जवाबी गोलीबारी में दो आरोपियों को गोली लगी और तीसरा युवक मोटरसाइकिल से गिरने के बाद घायल हो गया। उन्होंने कहा कि सभी को अस्पताल ले जाया गया और हिरासत में ले लिया गया।

पुलिस ने बताया कि तलाशी के दौरान, आरोपियों के पास से एक विदेशी और एक देसी पिस्तौल बरामद की गई। इसने कहा कि मामले की जांच जारी है।

इस बीच, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कथित तौर पर बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की आलोचना की।

उन्होंने कहा कि निजी अस्पताल के संचालक को पहले भी धमकियां मिली थीं, फिर भी उसके परिसर के अंदर गोलीबारी की घटना हुई।

सुरजेवाला ने कहा कि गोलीबारी की यह कोई पहली घटना नहीं है और कानून से बेखौफ अपराधी बार-बार इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।

आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने भी इस घटना को लेकर भाजपा सरकार की आलोचना की।

ढांडा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ‘‘गैंग्स ऑफ़ हरियाणा। नायब सिंह सरकार ने पूरे हरियाणा को अपराधियों का खेल का मैदान बना दिया है। यमुनानगर में अपराधी खुलेआम बेखौफ होकर शहर में गोलियां बरसा रहे हैं, जगह जगह व्यापारियों से राशि मांगी जा रही है। हर दिन होती ऐसी वारदातें साफ बता रही हैं कि भाजपा की नायब सिंह सरकार ने अपराधियों के आगे समर्पण कर दिया है।’’

भाषा धीरज नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments