शिमला, नौ अप्रैल (भाषा) हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में सड़क पर हुई कहासुनी की घटना के बाद, दिल्ली जा रही एक बस के चालक, परिचालक और दो यात्रियों को चाकू मारने के आरोप में पंजाब के तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान होशियारपुर जिले के सागला गांव निवासी निशान पाल (46), पंजाब में पठानकोट के निवासी बलविंदर सिंह (45) और अलीश (21) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना बुधवार रात थुरल गांव के पास हुई जब एक कार में यात्रा कर रहे आरोपियों ने बस से आगे निकलने की कोशिश की, लेकिन वे ऐसा करने में असमर्थ रहे जिसके बाद झगड़ा हुआ।
कार में यात्रा कर रहे लोगों ने बस का रास्ता रोक दिया और चालक एवं यात्रियों के साथ बहस करने लगे। आरोपियों ने पीड़ितों को डराने के लिए कथित तौर पर हवा में गोलियां भी चलाईं।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घायलों को तत्काल टांडा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल से अपराध में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) अशोक रतन ने रिपोर्ट की पुष्टि की और कहा कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की विभिन्न धाराओं और शस्त्र अधिनियम की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।
भाषा तान्या सिम्मी
सिम्मी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
