नोएडा, 10 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्ध नगर जिले के नोएडा में स्थित एमिटी विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले 23 वर्षीय छात्र हर्षित भट्ट की पानी से भरे गड्ढे में डूबने से हुई मौत के मामले में उसकी मां की शिकायत पर थाना सेक्टर-126 में उसके तीन दोस्तों के खिलाफ हत्या के आरोप में शुक्रवार को मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि घटना के समय ये तीनों दोस्त उसके साथ मौजूद थे।
पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सहायक पुलिस आयुक्त प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार शाम को परीक्षा खत्म होने के बाद हर्षित अपने तीन दोस्तों के साथ खाली भूखंड में पिकनिक मनाने गया था।
उन्होंने बताया कि कथित तौर पर शराब पीने के बाद वह वहां एक गड्ढे में भरे पानी में नहाने के लिए उतर गया, लेकिन अधिक गहराई में जाने पर डूबने लगा।
दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंची और हर्षित को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि मृतक छात्र की मां की शिकायत पर शुक्रवार को हत्या की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने कहा कि जांच और साक्ष्य जुटाने के बाद ही आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि हर्षित की मां दीपमाला ने कहा था कि उन्हें लगता है कि उनके बेटे की हत्या की गई है, क्योंकि उन्हें उसके पूरे शव पर काले निशान दिखे थे।
दीपमाला ने कहा था, ‘‘ मुझे मेरे बेटे का शव दिखाया गया तो पीठ पर वी-आकार की चोट के निशान थे। मैं मांग करती हूं कि मामले की जांच हो। मेरे बेटे के साथ इन बच्चों ने चाहे जो किया हो, उसकी जांच हो। मैं नहीं चाहती कि ये लोग जेल से छूटें। मेरा घर उजाड़ दिया।’’
परिजनों की शिकायत के बाद इस मामले में मुकदमा दर्ज किया गया।
भाषा सं
रवि कांत संतोष
संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
