भद्रवाह/जम्मू, 13 अप्रैल (भाषा) जम्मू-कश्मीर के भद्रवाह जिले में स्थित प्राचीन सुबर-नाग मंदिर में बृहस्पतिवार को हजारों की संख्या में श्रद्धालु बैसाखी मनाने के लिए एकत्रित हुए।
करीब 12,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित 1,600 साल पुराने मंदिर के कपाट बृहस्पतिवार को खोल दिए गए।
त्योहार वसंत की शुरुआत का प्रतीक है। इस मंदिर में उत्सव को देश की पहली बैसाखी माना जाता है। देश के अन्य हिस्सों में कल त्योहार मनाया जाएगा।
भद्रवाह शहर से 35 किलोमीटर दूर सुबर धार स्थित मंदिर के कपाट खुलने के साथ ही पारंपरिक समारोह की शुरुआत हुई, जिसके बाद भेड़ की बलि दी गई।
भगवान सुबर नाग के दर्शन के लिए 12 किमी की खड़ी पहाड़ी पर चढ़ने के बाद हजारों श्रद्धालु मंदिर पहुंचे।
इस अवसर पर प्राचीन रीति के अनुसार दर्जनों भेड़ों की बलि दी गई।
मुख्य पुजारी अनिल कुमार रैना ने कहा, “1,600 साल पुराने मंदिर के कपाट आज सुबह भक्तों के लिए खोल दिए गए।”
भाषा प्रशांत पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.