scorecardresearch
Tuesday, 3 February, 2026
होमदेशविकसित बिहार-समृद्ध बिहार के संकल्प को पूरा करने वाला है यह बजट : संजय सरावगी

विकसित बिहार-समृद्ध बिहार के संकल्प को पूरा करने वाला है यह बजट : संजय सरावगी

Text Size:

पटना, तीन फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)की बिहार इकाई के अध्यक्ष संजय सरावगी ने मंगलवार को वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव द्वारा विधानसभा में पेश किए गए बिहार बजट 2026-27 को राज्य के विकास को गति देने वाला करार देते हुए कहा कि यह आधारभूत संरचना को सशक्त करेगा।

सरावगी ने कहा कि इस बजट में छात्रों, किसानों, उद्यमियों, युवाओं और महिलाओं सहित समाज के प्रत्येक वर्ग पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि तीन लाख 47 हजार करोड़ रुपये के इस बजट से स्पष्ट है कि बिहार तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बजट में किसानों की आय बढ़ाने के प्रयासों के साथ-साथ आधी आबादी यानी महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए भी ठोस कदम उठाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि यह बजट ‘सबका साथ, सबका विकास’ की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की परिकल्पना को साकार करेगा और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार को समृद्धि की ओर ले जाएगा।

सरावगी ने कहा कि यह बजट राज्य की अर्थव्यवस्था को समावेशी विकास की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

सरावगी ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट को सकारात्मक बताते हुए इसे गरीबों, किसानों, युवाओं, महिलाओं और उद्योगों के विकास को समर्पित एक ऐतिहासिक बजट करार दिया। उन्होंने कहा कि यह बजट बिहार को आत्मनिर्भर और विकसित प्रदेश बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

भाजपा नेता ने कहा कि बजट में प्रत्येक वर्ग का ध्यान रखा गया है, विशेष रूप से कृषि, उद्योग, पर्यावरण, महिला सशक्तीकरण और आधारभूत संरचना के लिए की गई घोषणाएं प्रदेश के समग्र विकास में महत्वपूर्ण कारक सिद्ध होंगी।

उन्होंने दावा किया कि गरीबों के कल्याण को लेकर भी बजट में विशेष प्रावधान किए गए हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह बजट बिहार के समावेशी विकास और विकास की रफ्तार को तेज करने वाला है तथा मुख्यमंत्री के ‘न्याय के साथ विकास’ के संकल्प को साकार करने वाला बजट है।

भाषा

कैलाश

रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments