जम्मू, 20 जून (भाषा) जम्मू कश्मीर विद्युत विकास विभाग ने (पीडीडी) ने मंगलवार को कहा कि जम्मू शहर में बिजली की कोई कटौती नहीं होगी जबकि ग्रामीण क्षेत्रों एवं बिना मीटर वाले इलाकों में छह घंटे से कम बिजली गुल रहेगी।
यह घोषणा ऐसे समय में की गयी है जब इस क्षेत्र में भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली कटौती को लेकर विभाग के विरूद्ध आये दिन प्रदर्शन हो रहे हैं। इन दिनों यहां पारा 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहता है।
जेकेपीडीडी ने कहा कि 20 जून से जम्मू शहर में बिजली की कटौती नहीं करने तथा बिना मीटर वाले क्षेत्रों में यह कटौती छह घंटे से भी कम के लिए करने का फैसला इस भीषण गर्मी में उपभोक्ताओं को राहत प्रदान करने के उसके प्रयासों का हिस्सा है।
जम्मू शहर के बाहरी इलाके तालाब तिलो में मंगलवार को दर्जनों स्थानीय निवासियों ने प्रदर्शन किया था। पिछले एक पखवाड़े में शहर के विभिन्न हिस्सों में आये दिनों इस तरह के प्रदर्शन होते रहे हैं।
कांग्रेस, पीडीपी , अपनी पार्टी, नेशनल कांफ्रेंस और नेशनल पैंथर्स पार्टी समेत सभी राजनीतिक दलों ने शहर एवं अन्यत्र उपभोक्ताओं को बिजली की निर्बाध आपूर्ति करने में कथित रूप से विफल रहने को लेकर प्रशासन की आलोचना की है।
भाषा राजकुमार माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
