लखनऊ, 25 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में पिछले एक-दो दिन के दौरान तेज हवा के साथ हल्की बारिश होने से राज्य के लगभग सभी मंडलों में तापमान में गिरावट आई है।
लखनऊ स्थित मौसम केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों में गरज के साथ बारिश हुई। इस दौरान टांडा (अंबेडकर नगर) में सबसे ज्यादा पांच सेंटीमीटर वर्षा हुई। इसके अलावा बहराइच, मेजा (प्रयागराज) और लालगंज (मिर्जापुर) में तीन-तीन तथा वाराणसी में दो सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
इस आंधी-बारिश की वजह से पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के विभिन्न मंडलों में दिन के तापमान में खासी गिरावट दर्ज की गई और यह सामान्य से एक से 10 डिग्री सेल्सियस तक कम रहा।
इस दौरान गोरखपुर, वाराणसी, अयोध्या, कानपुर और लखनऊ मंडलों में दिन के तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई। रात के तापमान में भी गिरावट का दौर रहा। गोरखपुर, वाराणसी, अयोध्या, कानपुर, लखनऊ बरेली तथा झांसी मंडलों में न्यूनतम तापमान में काफी गिरावट रही।
मौसम केंद्र द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घटों के दौरान लखीमपुर खीरी राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा जहां अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री कम है।
अगले 24 घंटों के दौरान राज्य में मौसम आमतौर पर शुष्क रहने का अनुमान है।
भाषा सलीम नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.