ईटानगर, 13 मार्च (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के मंत्री गैब्रियल डेनांग वांगसू ने राज्य में एलपीजी सिलेंडर और पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति एवं उपलब्धता सामान्य रहने का शुक्रवार को दावा करते हुए लोगों से आग्रह किया कि वे घबराकर खरीदारी करने से बचें, क्योंकि इससे कृत्रिम कमी हो सकती है।
नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री वांगसू ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘आज सुबह मैंने मुख्य सचिव, सचिव और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निदेशक, तेल विपणन कंपनियों के समन्वयक और सभी जिलों के उपायुक्तों के साथ एलपीजी और पीओएल उत्पादों की आपूर्ति और उपलब्धता की समीक्षा की।’’
उन्होंने कहा कि विभाग और तेल कंपनियां लोगों को आश्वस्त करती हैं कि आपूर्ति श्रृंखला सामान्य रूप से चल रही है।
मंत्री ने कहा, ‘‘राज्य खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग और तेल विपणन कंपनियां आश्वस्त करती हैं कि एलपीजी एवं पीओएल उत्पादों की आपूर्ति सामान्य रूप से चल रही है और निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए उनके वितरण की लगातार निगरानी की जा रही है।’’
वांगसू ने लोगों से घबराहट में खरीदारी न करने की अपील की।
मंत्री ने कहा कि जमाखोरी को रोकने और समान वितरण सुनिश्चित करने के लिए एहतियाती कदम के तौर पर एलपीजी बुकिंग के बीच प्रतीक्षा अवधि शुरू की गई है।
उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि जमाखोरी या कालाबाजारी में लिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भाषा राजकुमार दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
