scorecardresearch
Wednesday, 11 February, 2026
होमदेशदिल्ली में 2024 में चोरी, हत्या के प्रयास के मामलों में वृद्धि हुई; हत्या के आंकड़ों में कोई बड़ा बदलाव नहीं

दिल्ली में 2024 में चोरी, हत्या के प्रयास के मामलों में वृद्धि हुई; हत्या के आंकड़ों में कोई बड़ा बदलाव नहीं

Text Size:

नयी दिल्ली, 15 जनवरी (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में 2024 में चोरी और हत्या के प्रयास की घटनाओं में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई। दिल्ली सांख्यिकी पुस्तिका-2025 में यह खुलासा हुआ है।

इस साल आठ जनवरी को सार्वजनिक की गई पुस्तिका के अनुसार, हत्या के मामलों में 2024 के दौरान मोटे तौर पर स्थिरता देखी गई।

आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली में 2024 के दौरान चोरी के 8,965 मामले दर्ज किए गए, जो 2023 में दर्ज किए गए 6,916 मामलों की तुलना में लगभग 29.6 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है।

ये आंकड़े चोरी के अपराधों में लगातार वृद्धि को रेखांकित करते हैं क्योंकि 2022 में ऐसे मामलों की संख्या 6,189 थी जबकि 2021 में केवल 2,637 चोरी के मामले दर्ज किये गए थे।

वर्षवार तुलना करने पर पता चलता है कि 2021 और 2022 के बीच ऐसे मामलों में लगभग 135 प्रतिशत की चिंताजनक वृद्धि हुई, जिसके बाद 2022 से 2023 तक 11.8 प्रतिशत की वृद्धि हुई, और फिर 2024 में इसमें तेजी से वृद्धि हुई।

पुस्तिका के अनुसार, हत्या की कोशिश के मामलों में भी वृद्धि देखी गई। आंकड़ों के मुताबिक शहर में 2024 में ऐसे 898 मामले दर्ज किए गए, जबकि 2023 में 757 मामले दर्ज किए गए थे, जो साल-दर-साल लगभग 18.6 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।

इसके विपरीत, हत्या के मामलों में मामूली गिरावट के साथ स्थिति काफी हद तक स्थिर रही। दिल्ली में 2024 में 504 हत्या के मामले दर्ज किए गए, जो 2023 में दर्ज किए गए 506 मामलों के मुकाबले लगभग 0.4 प्रतिशत की कमी को दर्शता है।

भाषा धीरज देवेंद्र

देवेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments