scorecardresearch
Monday, 23 March, 2026
होमदेश‘आईओएस सागर’ का दूसरा संस्करण शुरू

‘आईओएस सागर’ का दूसरा संस्करण शुरू

Text Size:

नयी दिल्ली, 18 मार्च (भाषा) समुद्री क्षेत्र में अपने पड़ोसी देशों के साथ मजबूत संबंध बनाने की भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाने वाला ‘इंडियन ओशन शिप (आईओएस) सागर’ मिशन का दूसरा संस्करण शुरू हो गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

नौसेना के एक प्रवक्ता ने बुधवार को कहा कि यह पहल भारत के दीर्घकालिक सामुद्रिक सहयोग के प्रयासों पर आधारित है और सरकार के ‘क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास’ (सागर) के संबंध में दृष्टिकोण को दर्शाती है।

उन्होंने कहा, ‘‘हिंद महासागर क्षेत्र में सहयोगात्मक समुद्री सुरक्षा के प्रति भारत की प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हुए, आईओएस सागर की 16 मार्च को शुरुआत हुई। फरवरी 2026 में भारतीय नौसेना ने हिंद महासागर नौसेना सिम्पोजियम (आईओएनएस) की अध्यक्षता ग्रहण की थी। इसलिए, इस आयोजन में हिंद महासागर क्षेत्र (आईओआर) के 16 आईओएनएस देशों की भागीदारी शामिल है।’’

आईओएस सागर एक अद्वितीय संचालन सहभागिता कार्यक्रम है जो मित्र देशों के नौसैनिकों को भारतीय नौसेना के जहाज पर एक साथ प्रशिक्षण और नौकायन करने में सक्षम बनाता है।

नौसेना ने कहा कि वर्तमान आयोजन के हिस्से के रूप में, 16 मित्र देशों के नौसैनिक इस कार्यक्रम में भाग लेंगे।

भाषा शफीक सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments