नयी दिल्ली, 21 अप्रैल (भाषा) भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदयभानु चिब ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को राष्ट्र के नाम संबोधन में कांग्रेस का 59 बार नाम लेने के बजाय लोकसभा की 543 सीटों के आधार पर महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण की घोषणा करनी चाहिए थी।
उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत में यह आरोप भी लगाया कि भाजपा महिला आरक्षण के नाम पर सिर्फ धोखा कर रही है।
चिब ने दावा किया, ‘‘जैसे कोई जादूगर एक हाथ से ध्यान भटकाता है, और दूसरे हाथ से असल खेल कर जाता है, ठीक यही काम आज प्रधानमंत्री कर रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से ये कहानी फैलाई जा रह है कि महिला आरक्षण कांग्रेस पार्टी कि वजह से रुका, जबकि सचाई ये है कि महिला आरक्षण कानून 2023 में पारित हो चुका है और कांग्रेस पार्टी ने उसका समर्थन किया था।’’
उनका कहना था कि इस बार मुद्दा महिला आरक्षण का नहीं, बल्कि परिसीमन का था।
युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने 59 बार कांग्रेस का नाम लिया। वह अगर चाहते तो 543 सीटों के आधार पर ही महिला आरक्षण का ऐलान कर देते। राहुल गांधी जी ने संसद में एक बहुत ही सटीक बात रखी थी आज देश में राजनीति जादू की तरह चलाई जा रही है।’’
भाषा हक
हक पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.