नयी दिल्ली, 19 अप्रैल (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को कहा कि लोकसभा में महिला आरक्षण संशोधन विधेयक के पारित नहीं होने से विपक्षी दलों का ‘महिला-विरोधी’ चेहरा उजागर हो गया है।
दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए गुप्ता ने कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ का नारा लगाने वालों ने लोकसभा में विधेयक को पारित नहीं होने देकर महिलाओं को धोखा दिया है।
मुख्यमंत्री गुप्ता ने कहा, ‘‘वे इसे लोकतंत्र की जीत बता रहे हैं, जबकि महिलाओं और उनके आत्मसम्मान की हार हुई है।’’
उन्होंने कहा कि विपक्षी दल लोकसभा में विधेयक को पारित न होने देने पर तुले हुए थे और अपने रुख को सही ठहराने के लिए परिसीमन और दक्षिणी राज्यों के हितों जैसे विभिन्न मुद्दे उठा रहे थे।
गुप्ता ने कहा कि उनकी एक मांग यह थी कि लोकसभा की वर्तमान संख्या 543 में महिला आरक्षण लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि क्या उनके पास 180 पुरुष सांसदों की सूची है जो महिलाओं के लिए अपनी सीट छोड़ने को तैयार हैं?
उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण का मुद्दा पिछले तीन दशकों से लंबित है और विधेयक के पारित नहीं होने से एक बार फिर विपक्षी दलों का ‘महिला-विरोधी’ चेहरा उजागर हो गया है।
भाषा अमित रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.