दुमका, 11 फरवरी (भाषा) झारखंड के दुमका में पति और तीन बच्चों को छोड़कर एक महिला ने आंध्र प्रदेश में एक ऐसे व्यक्ति के साथ रहना शुरू कर दिया, जिससे वह सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर मिली थी। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक महिला को वापस झारखंड लाया गया है। महिला के पति द्वारा गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम पहुंचने पर, महिला को पता चला कि इंस्टाग्राम पर मिला वह व्यक्ति दिहाड़ी मजदूर था, न कि अमीर, जैसा कि उसने सोशल मीडिया पर बातचीत के दौरान दावा किया था।
सरैयाहाट पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी राजेंद्र कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि माता-पिता के समझाने पर 30 वर्षीय महिला वापस लौटने के लिए राजी हो गई और उसके पति ने भी उसे स्वीकार कर लिया।
पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘महिला के पति ने 12 जनवरी को अपनी पत्नी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को यह भी बताया था कि उनकी पत्नी लंबे समय से इंस्टाग्राम पर एक व्यक्ति से बात करती थी और इस मुद्दे पर पति-पत्नी के बीच तीखी बहस होती थी। ’’
इस सूचना के आधार पर, स्थानीय पुलिस ने तकनीकी निगरानी पर आधारित एक टीम को आंध्र प्रदेश भेजा और आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले के मछलीपट्टनम में महिला का पता लगाया।
भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
