scorecardresearch
Wednesday, 1 April, 2026
होमदेशदिल्ली में प्रवेश स्तर की कक्षाओं में ईडब्ल्यूएस कोटे से दाखिले की अंतिम तिथि 24 जून तक बढ़ाई गई

दिल्ली में प्रवेश स्तर की कक्षाओं में ईडब्ल्यूएस कोटे से दाखिले की अंतिम तिथि 24 जून तक बढ़ाई गई

Text Size:

नयी दिल्ली, 14 जून (भाषा) दिल्ली सरकार ने एक बार फिर प्रवेश स्तर की कक्षाओं में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के छात्रों के लिए दाखिले की अंतिम तिथि 24 जून तक बढ़ा दी है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पहले यह समय सीमा 14 जून तक बढ़ाई गई थी।

शिक्षा उप निदेशक योगेश पाल सिंह ने कहा, ‘‘प्रवेश स्तर की कक्षाओं में ईडब्ल्यूएस और वंचित समूह (डीजी) के सफल उम्मीदवारों के दाखिले की अंतिम तिथि एक बार फिर 24 जून तक बढ़ा दी गई है।’’

आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस), वंचित समूह (डीजी) और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों (सीडब्ल्यूएसएन) श्रेणी के तहत दिल्ली के निजी स्कूलों में प्रवेश स्तर की कक्षाओं में दाखिला 29 मार्च से शुरू हुआ था।

शिक्षा का अधिकार अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार, निजी स्कूलों में प्रवेश स्तर की कक्षाओं यानी नर्सरी, केजी और कक्षा एक में 25 प्रतिशत सीटें ईडब्ल्यूएस, डीजी और सीडब्ल्यूएसएन श्रेणी के छात्रों के लिए आरक्षित हैं।

ईडब्ल्यूएस के दायरे में वे बच्चे आते हैं, जिनके माता-पिता की वार्षिक आय एक लाख रुपये से कम है। वहीं, डीजी श्रेणी में अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी), अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), गैर-क्रीमी लेयर, अनाथ, ट्रांसजेंडर और एचआईवी से संक्रमित बच्चे शामिल हैं।

भाषा सुरभि पारुल

पारुल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments