scorecardresearch
Sunday, 15 March, 2026
होमदेशकेरल सरकार ने निष्कासित कांग्रेस नेता के. वी. थॉमस को अपना विशेष प्रतिनिधि नियुक्त किया

केरल सरकार ने निष्कासित कांग्रेस नेता के. वी. थॉमस को अपना विशेष प्रतिनिधि नियुक्त किया

Text Size:

तिरुवनंतपुरम, 19 जनवरी (भाषा) केरल की मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नीत एलडीएफ सरकार ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस के निष्कासित नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री के. वी. थॉमस को नयी दिल्ली में अपना विशेष प्रतिनिधि बनाने का निर्णय लिया है जिनका दर्जा कैबिनेट मंत्री का होगा।

मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की अध्यक्षता वाली कैबिनेट बैठक में यह फैसला किया गया। देश के सबसे पुराने राजनीतिक दल ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में थॉमस को सात महीने पहले निष्कासित कर दिया था।

पिछले साल मई में उपचुनाव से जुड़ी वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) की बैठक के दौरान माकपा नेता पिनराई विजयन के साथ थॉमस के मंच साझा करने के तुरंत बाद कांग्रेस ने अपने वरिष्ठ नेता के खिलाफ कड़ा कदम उठाया था।

थॉमस का कांग्रेस की केरल इकाई के नेतृत्व से अनबन है और उन्होंने सत्तारूढ़ एलडीएफ उम्मीदवार जो. जोसेफ के लिए त्रिक्काकारा विधानसभा क्षेत्र में प्रचार किया था, लेकिन इसमें कांग्रेस उम्मीदवार ने भारी अंतर से जीत दर्ज की थी।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व सदस्य थॉमस ने पत्रकारों से कहा, ‘‘मैं ऐसा व्यक्ति नहीं हूं जो पद के पीछे भागता है। अपने जीवन में पूरी सक्रिय राजनीति के दौरान मैंने कई चीजें की हैं। केरल के मुख्यमंत्री ने अब मुझे लोगों की सेवा का अवसर दिया है।’’ उन्होंने कहा कि एलडीएफ सरकार द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी को वह पूरा करेंगे।

विजयन की पिछली सरकार में वरिष्ठ माकपा नेता ए. संपत नयी दिल्ली में केरल सरकार के विशेष प्रतिनिधि थे। केरल सरकार ने पूर्व राजनयिक वेणु राजमणि को पिछले साल सितंबर में दिल्ली में विशेष अधिकारी (ओएसडी) नियुक्त किया था।

भाषा संतोष अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments