scorecardresearch
Saturday, 11 April, 2026
होमदेशतमिलनाडु के मौजूदा विधानसभा चुनाव करुणानिधि परिवार के लिए आखिरी चुनाव होंगे : पलानीस्वामी

तमिलनाडु के मौजूदा विधानसभा चुनाव करुणानिधि परिवार के लिए आखिरी चुनाव होंगे : पलानीस्वामी

Text Size:

सलेम, सात अप्रैल (भाषा) ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) प्रमुख ईके पलानीस्वामी ने मंगलवार को कहा कि तमिलनाडु के मतदाताओं ने मन बना लिया है कि आगामी विधानसभा चुनाव करुणानिधि परिवार के लिए आखिरी चुनाव होंगे, क्योंकि वे राज्य में उसे सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा देंगे।

यरकौड (सुरक्षित) से अन्नाद्रमुक उम्मीदवार पी उषा रानी के समर्थन में सलेम के वाझापड़ी में आयोजित एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पलानीस्वामी ने कहा कि लोगों ने राज्य में द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के परिवारवाद को समाप्त करने का मन बना लिया है।

अन्नाद्रमुक प्रमुख ने दावा किया कि मुख्यमंत्री एमके स्टालिन यह बर्दाश्त नहीं कर पाए थे कि उन्होंने (पलानीस्वामी) फरवरी 2017 में राज्य विधानसभा में बहुमत साबित किया और मुख्यमंत्री पद पर काबिज हुए।

पलानीस्वामी ने कहा, “उस समय विधानसभा में अभूतपूर्व दृश्य और अराजकता देखने को मिली थी। स्टालिन (उस समय विपक्ष के नेता) फटी हुई कमीज में सदन से बाहर निकले थे।”

उन्होंने कहा, “कल्पना कीजिए कि 23 अप्रैल के चुनाव के बाद जब अन्नाद्रमुक बहुमत से सरकार बनाएगी, तो स्टालिन की क्या हालत होगी।”

पलानीस्वामी फरवरी 2017 की उस घटना का जिक्र कर रहे थे, जब राज्यपाल ने उनसे विधानसभा में बहुमत साबित करने को कहा था। सदन में हंगामा शुरू हो गया था और कार्यवाही दो बार स्थगित करनी पड़ी थी। बाद में स्टालिन और अन्य द्रमुक सदस्यों को बाहर निकाल दिया गया। अंततः पलानीस्वामी ने विश्वास मत हासिल कर लिया।

पलानीस्वामी ने भरोसा जताया कि उनकी पार्टी के नेतृत्व वाला गठबंधन चुनाव जीतेगा और अन्नाद्रमुक अपने दम पर सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि अन्नाद्रमुक के कार्यकर्ता सहयोगियों की जीत के लिए हमेशा ही समर्पण भाव से काम करते हैं।

भाषा पारुल माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments