scorecardresearch
Wednesday, 18 March, 2026
होमदेशकांग्रेस नेता ने यात्रा से पहले प्रधानमंत्री मोदी के दिवंगत पिता का जिक्र किया; भाजपा ने निंदा की

कांग्रेस नेता ने यात्रा से पहले प्रधानमंत्री मोदी के दिवंगत पिता का जिक्र किया; भाजपा ने निंदा की

Text Size:

भोपाल, 14 जून (भाषा) मध्य प्रदेश में कांग्रेस के नेता अरुण यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रदेश दौरे के पहले उनके दिवंगत पिता का जिक्र बुधवार को किया जिसके बाद सत्तारूढ़ भाजपा ने यादव पर ‘‘निम्न स्तर की मानसिकता’’ रखने का आरोप लगाया।

भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री मोदी 27 जून को भोपाल से देश के 10 लाख बूथों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करने वाले हैं।

प्रधानमंत्री के प्रदेश के आगामी दौरे पर पत्रकारों द्वारा पूछे गए एक सवाल के जवाब में कांग्रेस के नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने कहा, ‘‘मोदी जी आ जाएं और उनके ऊपर कोई हो, वो भी आ जाएं, नड्डा जी (भाजपा प्रमुख) आ ही रहे हैं, चल रहा है। मोदी जी के पिताजी भी आना चाहें तो आ सकते हैं, हमें कोई आपत्ति नहीं है।’’

यादव प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

इस टिप्पणी पर यादव की आलोचना करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक बयान में कहा, ‘‘यादव द्वारा की गई टिप्पणी उनकी निम्न स्तर की मानसिकता को दर्शाती है… यह कांग्रेस की संस्कृति और उनकी ‘मोहब्बत की दुकान’ को दिखाती है।’’

उन्होंने कहा कि मोदी जी देश के गौरव हैं और देश के नागरिकों के स्वाभिमान भी। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस सबसे निम्नतम स्तर पर जा रही है। जब वह जमीनी स्तर पर लोकप्रिय प्रधानमंत्री के साथ प्रतिस्पर्धा करने में असमर्थ है तो वह अभद्र और असंस्कृत भाषा का प्रयोग करने पर उतर आई है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘यादव ने राजनीतिक शालीनता की सारी हदें पार कर दी हैं।’

प्रदेश में भाजपा के अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने भी ‘‘प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता के नाम राजनीतिक विवाद में घसीटने’’ को लेकर यादव पर निशाना साधा और इसे देश के 140 करोड़ नागरिकों का अपमान बताते हुए कांग्रेस नेता से माफी मांगने को कहा।

गृह मंत्री और राज्य सरकार के प्रवक्ता नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि यादव की टिप्पणी दर्शाती है कि कांग्रेस नेता ‘पूरी तरह से असंस्कृत’ हो गए हैं।

राज्य में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं।

भाषा दिमो अर्पणा

अर्पणा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments